पीरनिगाह में मिला महिला का शव

ऊना। प्रसिद्ध धार्मिक स्थल पीरनिगाह में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि महिला की मौत सल्फास निगलने के कारण हुई है। जबकि सल्फास की तीन गोलियां भी शव के पास से मिली हैं। पुलिस ने आरंभिक छानबीन के आधार पर तफ्तीश आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 50 वर्षीय एक महिला का शव पीरनिगाह में तालाब के पास मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लिया और मामला दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है। पुलिस की आरंभिक छानबीन में पता चला है कि महिला ने क्षेत्र की एक सराय में अपना नाम महिंद्र कौर दर्ज करवाकर वहां से कंबल लिया था। जबकि महिला के पते के संदर्भ में कुछ भी दर्ज नहीं किया जा सका है। वहीं, महिला के पास से एक पर्स मिला है। जिस पर पंजाब के जालंधर जिले के तहत पड़ते फगवाड़ा शहर के एक सुनार का नाम और पता लिखा है। एसपी खुशहाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरंभिक छानबीन के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि लाश की शिनाख्त के लिए तीन दिन तक क्षेत्रीय अस्पताल में रखा गया है।

Related posts