मुबारिकपुर (ऊना)। अमलैहड़ में शरारती तत्वों ने बुधवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आग लगा दी। शातिरों ने खिड़की का शीशा तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। आगजनी में केंद्र में तैनात डाक्टर के कमरे का सामान जल गया। पुलिस ने घटना को लेकर भादसं की धारा 436 और पीडीपी एक्ट के तहत मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। आग की घटना में हजारों की कीमत का सरकारी सामान जलने का अनुमान लगाया गया है। घटना तड़के साढ़े छह बजे हुई। आगजनी के दौरान क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ-साथ फायर स्टेशन को भी सूचित किया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। पुलिस के मुताबिक सुबह के समय कुछ शरारती तत्वों ने पीएचसी भवन को आग लगा दी। सूचना पर पुलिस की टीम भी मौके पर गई थी। डीएसपी मदन लाल कौशल ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह शरारती तत्वों की करतूत लग रही है। स्थानीय लोगों के भी बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि घटना में करीब दस हजार रुपये का नुकसान हुआ है। आग भवन की एक खिड़की को लगाई गई थी। बाद में आग कमरे में फैल गई। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी जीआर कौशल ने कहा कि शरारती तत्वों ने घटना को अंजाम दिया है। जिस पर शिकायत दर्ज कराई गई है।
हंबोली में भी जलाया था पंचायत घर
कुछ समय पहले हंबोली में भी पंचायत घर को आग लगा दी गई थी। इस अग्निकांड में पंचायत घर राख हो गया था। इस पंचायत घर में रखा पंचायत का पूरा रिकार्ड भी स्वाह हो गया। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि पंचायत घर में रखे रिकार्ड को राख करने के मकसद से ही आग लगाई गई थी। अब पंचायत के लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। रिकार्ड आदि लेने के लिए लोगों को अंब आना पड़ रहा है। पंचायत घर को जलाने का मामला विधानसभा में भी गूंजा था। विधायक कुलदीप कुमार ने विधानसभा में मामला उठाते हुए इसकी जांच की मांग भी की है।