पटवारियों के 152 पद खाली

नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। संयुक्त पटवार एवं कानूनगो संघ जिला कांगड़ा ने उम्मीद जताई है कि जिले में खाली पड़े पटवारियाें और कानूनगो के पदों को शीघ्र भरकर सरकार विभाग तथा लोगों को राहत पहुंचाएगी।
संघ के जिला अध्यक्ष विजय सिंह, महासचिव प्यारे लाल शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुरेंद्र चौधरी व संगठन सचिव नारायण डोगरा ने कहा कि जिला कांगड़ा में पटवारियों के कुल 519 पदों मेें से इस समय 152 पद रिक्त पड़े हुए हैं। जबकि कानूनगो के 9 पद खाली होने के कारण न केवल राजस्व विभाग के कर्मचारियों पर अतिरिक्त बोझ बढ़ा है। बल्कि आम जनमानस को भी राजस्व व भूमि संबंधित कार्य करवाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को याद दिलाया कि उनके नेतृत्व वाली पूर्व कांग्रेस सरकार के समय संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने 4 पटवारियों पर एक कानूनगो नियुक्त करने की मांग की थी। तब मुख्यमंत्री ने इस मांग को संवैधानिक तौर पर मानकर उस समय के राजस्व मंत्री को कैबिनेट में लाने को कहा था। लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस सरकार को भंग करके चुनावी घोषणा हो जाने से यह मामला अधर में लटक गया था। उन्होंने रोष जताया कि उक्त मांग को भाजपा सरकार ने भी पूरा नहीं किया। संघ नेताओं ने कहा कि जिला में 40 पटवारियों के रिक्त पदों की भरपाई के लिए विभाग ने प्रक्रिया तो आरंभ कर दी है लेकिन विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरकर यह पटवारी तीन वर्षोँ में तैयार होंगे।
उन्होंने रोष व्यक्त किया कि धीमी गति से जारी इस प्रक्रिया तथा सेवानिवृत्ति से होने वाले रिक्त पदों के कारण 2015 तक यह आंकड़ा सैकड़ों में पहुंच जाएगा। संघ नेताओं ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा राजस्व मंत्री कौल सिंह से आग्रह किया है कि उपरोक्त प्रक्रिया में सुधार करके जिला कांगड़ा में रिक्त पदों को शीघ्र भरकर विभाग तथा आम जनमानस को राहत पहुंचाएं।

Related posts