नहीं चाहिए तेरी सेकेंड हैंड जवानी…पर झूमे दर्शक

सुंदरनगर (मंडी)। राज्य स्तरीय नलवाड़ मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या पार्श्व गायिका मिस पूजा के नाम रही। पूजा ने अपनी मधुर आवाज में जहां एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। वहीं उनके गानों पर पंडाल में मौजूद दर्शक भी खूब झूमे। मंडी के दिनेश गुप्ता ने विभिन्न मुद्राओं में कत्थक नृत्य प्रस्तुत कर पंडाल में मौजूद लोगों को दांतों तले उंगलियां दबाने पर विवश कर दिया। घनश्याम पहाड़िया ने अपने गीतों से समा बांध दिया। संध्या में प्रदेश के आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। मेला कमेटी की ओर से कमेटी अध्यक्ष एवं एसडीएम एचएस राणा ने उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। संध्या की मुख्य आकर्षण मिस पूजा ने रात करीब सवा साढ़े आठ बजे अपना कार्यक्रम पेश करते हुए मुझको नहीं चाहिए तेरी सेकेंड हैंड जवानी गीत से आरंभ किया। इसके बाद उन्होंने बाजी मार गया भठिंडे़ वाला गबरू, छोना छोना, किती बड़ी भूल मै मेले बीच जाके, तू मेरा यार मेरा प्यार दिलदार सोणा सोणा, सीधा साधा मुंडा सी जो बीबा पुत बेबे दा, नैन तडकदे मेरे दो नैन वे, अमरा दी पीग झुटदी पेश कर सबको नाचने पर मजबूर कर दिया। संध्या की शुरुआत सूरजमणी एंड पार्टी के शहनाई वादन के साथ हुई। चतरोखड़ी निवासी रोहित शर्मा ने बांसुरी की मधुर धुनों पर कच्चे धागे का गाना बेहतर अंदाज में प्रस्तुत किया। घनश्याम पहाड़िया ने आने से उसके आए बहार गीत तथा तातेपानी रा पुल छूटीरा नान स्टाप नाटी पेश की। विशाल म्यूजिकल ग्रुप बाड़ी के कलाकार भीम सिंह ने आ सोणेया वे जग जिंदुएआ दे मेले प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। विकी रॉक म्यूजिकल ग्रुप के कलाकार मोहम्मद मुस्तफा ने अभी तुझमें कहीं गाना प्रस्तुत किया। इसके अलावा स्वामी विवेकानंद म्यूजिकल ग्रुप सुंदरनगर, देव म्यूजिकल ग्रुप धनोटू, थ्री डी ग्रुप सुंदरनगर, ममता म्यूजिकल ग्रुप चैलचौक, राज हिमाचली म्यूजिकल ग्रुप नगवाईं, जगदीश एंड पार्टी शिवाबदार, हिल म्यूजिकल ग्रुप शिमला, रामेश्वर शर्मा चौपाल, सुर कला मंच बद्दी की प्रस्तुतियां भी सराहनीय रहीं। वहीं ईशा म्यूजिकल ग्रुप बिलासपुर व कुल्लू से रमेश ठाकुर ने अनेक फिल्मी गाने प्रस्तुत कर वाहवाही लूटी। वहीं नरेंद्र नीटू एंड पार्टी शिमला के कलाकारोें की प्रस्तुतियां भी सराहनीय रहीं।

Related posts