दौलतपुर-तलवाड़ा रेल विस्तार में न हो देरी

ऊना। सांसद एवं भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा में अच्छे नेताओं की कमी नहीं है। यह राजग एवं पार्टी का सौभाग्य है। राजग से पीएम पद के लिए बढ़ती दावेदारी पर पूछे गए सवाल के जवाब में अनुराग ने कहा कि राजग से पीएम कौन बनेगा, पूरे देश और मीडिया की नजर इस पर है। यह भाजपा समेत राजग के सभी घटक दलों के लिए अच्छा है। देश महंगाई से त्रस्त है। सुशासन के लिए देश राजग को ही विकल्प के तौर पर देख रहा है।
उन्होंने आगे कहा कि ट्रेनों में भी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों के लिए फोन चार्ज करने के लिए प्लग तक नहीं है। किराया बढ़ रहा है और महंगाई भी बढ़ रही है। वे भी लखनऊ से आए और ट्रेन मेें साढ़े तीन घंटे की देरी से यहां पहुंचे। रेल मंत्री को चाहिए कि अंब दौलतपुर और तलवाड़ा को रेल से जोड़ने में देरी न करें। आगामी लोस सत्र में भी यह मुद्दा उठाया जाएगा। क्योंकि चुनाव के मद्देनजर यह महत्वपूर्ण सत्र होगा। कांग्रेस की राज्य सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। पुलिस के माध्यम से भाजपाइयों पर झूठे केस बनाए जा रहे हैं। अधिकारी कांग्रेस के मंत्रियों की शह पर लोगों के खिलाफ झूठे केस न बनाएं। हालांकि अनुराग ने किसी के स का नाम नहीं लिया. लेकिन उनका इशारा ऊना में प्रधान पर दर्ज दुराचार के मामले की ओर ही रहा। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, विधायक विरेंद्र कंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष बलवीर चौधरी, प्रो राम कुमार, भाजयुमो प्रदेश प्रवक्ता सुमित शर्मा, सागरदत्त भारद्वाज समेत अन्य लोग मौजूद रहे। विश्राग गृह में सांसद अनुराग ठाकुर लोगों से भी मिले। कई लोगों ने उन्हें ज्ञापन सौंपे। इस दौरान उन्होंने फरियाद लेकर आए लोगों को आश्वस्त भी किया।

Related posts