
रक्कड़ (कांगड़ा)। दिल में कुछ कर गुजरने का जज्बा हो तो असंभव कुछ भी नहीं। जी हां, ऐसा ही कुछ कर दिखाया है पंचायक कोलापुर की बेटी प्रियंका मेहता ने। उसे आर्मी में लेफ्टिनेंट रैंक हासिल करके इलाके के साथ-साथ प्रदेश का नाम रोशन किया है।
शनिवार को गांव पहुंचने पर प्रियंका का उसके पारिवारिक सदस्यों के साथ-साथ गांववालों ने जोरदार स्वागत किया और शुभकामनाएं दीं। शनिवार और रविवार को उनके घर बधाइयों का तांता लगा रहा। प्रियंका मेहता ने 16 मार्च को चेन्नई में स्थित आफिसर प्रशिक्षण अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के बाद भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट रैंक हासिल किया। पासिंग आउट परेड में थल सेनाध्यक्ष विक्रम सिंह भी उपस्थित थे। लेफ्टिनेंट प्रियंका मेहता के पिता अरुण मेहता भारतीय नौसेना में कॉमाडोर रैंक पर सेवारत हैं और उनकी माता विनीता मेहता गृहिणी हैं। प्रियंका का जन्म 1988 को हुआ। प्रियंका ने अपनी आरंभिक शिक्षा और बीटेक गोवा विवि से हासिल की है। 6 अप्रैल 2012 को भारतीय सेना में आफिसर के प्रशिक्षण के लिए प्रवेश मिला और एक साल के प्रशिक्षण के बाद सिग्नल कोर में बतौर लेफ्टिनेंट गुवाहाटी (असम) में पहली नियुक्ति के निर्देश मिले हैं। जहां पर वह अगले माह ज्वाइन करेगी। प्रियंका मेहता के दादा भी आनरेरी कैप्टन रैंक से सेवानिवृत्त हुए हैं और चाचा एनके मेहता सूबेदार मेजर रैंक पर सेना में कार्यरत हैं। उसका छोटा भाई वरुण भी सेना ज्वाइन करना चाहता है और अभी वह स्नातक की पढ़ाई कर रहा है।