
ठियोग (शिमला)। उपमंडल ठियोग के मत्याना के पास नैशनल हाईवे 22 पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा। पुलिस जानकारी के मुताबिक ट्रक हादसा सोमवार सुबह करीब तीन बजे हुआ। डीएसपी सागर चंद शर्मा ने बताया कि ट्रक में सवार चालक रोशन लाल, उसका साथी कृष्ण लाल व गाड़ी का कंडक्टर देवी सिंह परवाणू से राशन लेकर रामपुर की ओर जा रहे थे। मत्याना के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। करीब 250 मीटर गहरी खाई ट्रक गिरा। हादसे में मौके पर ही देवी सिंह ने दम तोड़ दिया। सागर चंद शर्मा ने बताया कि 21 वर्षीय देवी सिंह ट्रक के नीचे दब गया था। देवी सिंह कुल्लू जिले के ब्रौ गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। डीएसपी ने बताया कि पुलिस के जवानों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद देवी सिंह के शव को निकाला। हादसे में घायल दो लोगों को पुलिस ने सिविल अस्पताल ठियोग पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को आईजीएमसी रेफर किया गया है। हादसे का कारण ड्राइवर को नींद आना बताया जा रहा है।