टिप्पर खाई में गिरा, दो लोग घायल

लडभड़ोल (मंडी)। सीमेंट से लदा एक टिप्पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया, जिससे चालक समेत दो लोग घायल हो गए। हादसे में घायल चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को पीएचसी लडभड़ोल लाया गया है, जहां दोनाें का उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीमेंट से लदा टिप्पर जोगिंद्रनगर से सांढापतन की ओर जा रहा था। बीच रास्ते में लडभड़ोल के पास तैण गांव के समीप टिप्पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में चालक दलीप सिंह बुरी तरह से घायल हो गया है, जबकि राजेंद्र सिंह को चोटें आई हैं। घटना का पता चलने पर लडभड़ोल चौकी पुलिस से एक दल घटनास्थल के लिए रवाना हुआ। खबर लिखे जाने तक घायलों का लडभड़ोल अस्पताल में उपचार चल रहा था। इधर, हादसे की पुष्टि करते हुए लडभड़ोल पुलिस चौकी मुख्य आरक्षी राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। घटना के पुख्ता कारणों की छानबीन की जा रही है।

Related posts