
कालाअंब (सिरमौर)। नाहन-कालाअंब-त्रिलोकपुर हाईवे पर वाहनों की आवाजाही निरंतर बढ़ रही है। इसी मार्ग पर कालाअंब तथा त्रिलोकपुर के दर्जनों नौनिहाल स्कूलों को जाते हैं। सभी की सुरक्षा ताक पर है। बच्चे सुबह शाम जान हथेली पर रख अपना रास्ता नाप रहे हैं। संबंधित विभाग ने पूरे मार्ग पर कहीं भी सुरक्षा संबंधी बोर्ड नहीं लगाए हैं।
कालाअंब पंचायत के उपप्रधान संजय कुमार, वर्ड मेंबर सुमित्रा देवी, गीता देवी, शिक्षा देवी, मुन्ना खान, रेखा देवी, राजकुमार, शीला देवी, यासीन मोहम्मद का कहना है कि आए दिन हाईवे पर तेज रफ्तारी के कारण कोई न कोई हादसा होता रहता है। ग्रामीणों ने चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र के बच्चे यहां के स्थानीय स्कूलों में शिक्षा ग्रहण करने पहुंचते हैं। मगर सभी की सुरक्षा ताक पर रहती है। वाहन तेज गति से चौबीस घंटे इधर से उधर दौड़ते रहते हैं। संबधित विभाग ने सुरक्षा से जुड़े साइन बोर्ड नहीं लगाए हैं। एनएच विभाग के सहायक अभियंता एनके वर्मा ने बताया कि उपकरण तथा जरूरी सामान की कमी के चलते कुछ स्थानों पर साइन बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। सामान उपलब्ध होते ही स्कूलों के पास तथा अन्य जगहों पर साइन बोर्ड लगाए जाएंगे।