
रामपुर बुशहर। विधानसभा क्षेत्र रामपुर में जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा, यह किसी को पता नहीं है। लेकिन जीत का जश्न मनाने के लिए कांग्रेस और भाजपा दोनों ने ही तैयारियां कर रखी हैं। दोनों प्रमुख दलों ने समर्थकाें के लिए दावत का इंतजाम पहले ही कर लिया है। मांसाहारी के लिए नॉनवेज तो शाकाहारी को वेज खाना परोसा जाएगा।
विगत चार नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में पड़े मतों की गिनती बीस दिसंबर को होनी है। मतगणना के लिए अब केवल दो दिन शेष रहने से राजनीतिक दलों के नेताओं की धड़कनें तेज हो गई हैं। रामपुर विधानसभा सीट पर चार दलों के प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा है। कांग्रेस, भाजपा, हिलोपा और बसपा के इन प्रत्याशियों में से जीत का सेहरा किसके सिर बंधेगा, यह किसी को पता नहीं है। राजनीतिक दलों के नेताओं समेत आम जनता परिणाम जानने को बेताब है। इधर, प्रमुख दल कांग्रेस और भाजपा दोनों ही अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। इसी के मद्देनजर दोनों दलों ने जीत का जश्न मनाने के लिए पहले ही फुलप्रूफ तैयारियां कर ली हैं। दोनों प्रमुख दलों की ओर से अपने समर्थकों के लिए दावत का इंतजाम किया गया है। समर्थकों को वेज और नॉनवेज दोनों तरह का खाना परोसा जाएगा। इसके लिए जहां पनीर की एडवांस बुकिंग कर ली गई हैं वहीं बकरों का भी इंतजाम कर लिया गया है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की ओर से एक दर्जन से अधिक बकरे बुक किए गए हैं तो वहीं भाजपा ने भी लगभग इतने ही बकरों की बुकिंग की है। परिणाम चाहे जो भी हो पर एक बात तो तय है कि समर्थकों के मजे रहने वाले हैं। ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश वर्मा ने दावा किया कि यहां कांग्रेस की जीत निश्चित है। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने जीत के जश्न की पूर्व तैयारियां कर ली हैं। उधर, भाजपा के मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र दड़ेल भी जीत को लेकर आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जीत का जश्न मनाने को तैयारियां कर ली हैं।