जनवरी से सख्त होंगे भवन निर्माण के नियम

शिमला। नगर निगम जनवरी से भवन निर्माण के नियम सख्त कर देगा। जनवरी से अब नक्शा जमा करवाने के साथ ही प्लाट से कितना मलबा निकलेगा, इसकी जानकारी देनी होगी। मलबा डंप करने के लिए राशि भी नगर निगम अब एडवांस में वसूलेगा। शहर में मलबा फेंकने के लिए प्रति गाड़ी 300 से 1200 रुपए तक रेट पहले से तय हैं। शहर में अवैध डंपिंग के मामले बढ़ने पर नगर निगम ने यह फैसला लिया है। एमसी के वास्तुकार एवं योजनाकार राजीव शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
बीते दिनों शहर के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल द्वारा निर्माण कार्य से निकले मलबे को अवैध तौर पर डंप करने के अलावा लालपानी और ढली में रात के समय अवैध डंपिंग के मामले सामने आने के बाद एमसी ने यह फैसला लिया है। नए आदेशों के तहत अब शहर में आशियाना बनाने वाले लोगों को नक्शा जमा करवाते समय कितना मलबा प्लाट से निकलेगा, इसकी जानकारी नगर निगम को पहले ही देनी होगी। मलबे के हिसाब से फीस भी जमा करवानी होगी।

Related posts