
पधर (मंडी)। द्रंग क्षेत्र की ग्राम पंचायत बड़ीधार के बाड़झ गांव में एक व्यक्ति ने जमीनी विवाद के चलते अपने छोटे भाई की पत्नी पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला को घायल अवस्था में पधर अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। झगड़े का कारण जमीनी विवाद बताया जा रहा है। उधर, पुलिस ने मामला दर्ज कर घायल महिला का पधर अस्पताल में मेडिकल करवा दिया है। पुलिस को दिए बयान में घायल महिला शीतला देवी उर्फ सीता पत्नी स्वर्गीय कुंदन लाल ने बताया कि उसका जेठ मथरू राम पुत्र चुंखू राम शुक्रवार को खेतों में बांस के पौधे काट रहा था। बांस के पौधे उसके हिस्से में आई भूमि पर थे। उसने जब अपने जेठ को बांस के पौधे काटने के लिए रोका तो उसने बांस काटने के लिए हाथों में ली कुल्हाड़ी से उस पर हमला बोल दिया। इस हमले में सीता देवी के हाथ, टांग में जख्म आए हैं। मथरू राम का बेटा पपू अगर बीच बचाव के लिए आगे नहीं आता तो जेठ उसे जान से मार देता। घायल महिला पधर अस्पताल में उपचाराधीन है। महिला ने बताया कि उसका बड़ा बेटा घर से लापता है और छोटा बेटा स्कूल जाता है। जेठ एक बार पहले भी उससे मारपीट कर चुका है। जिसकी पुलिस में रिपोर्ट दर्ज है। उसने बताया कि वह घर पर अकेली होती है और जेठ ने उसे जान से मारने की धमकी दी है। इधर, एसपी मंडी आरएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पधर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर मथरू राम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी पहलुओं के मद्देनजर मामले की जांच की रही है।