चीन में वियतनामी महिलाओं की तस्करी, 50 मानव तस्कर गिरफ्तार

बीजिंग: चीन में महिलाओं की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर पुलिस ने 50 संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के कब्जे से वियतनाम की 17 महिलाओं और चीन की एक महिला को मुक्त कराया गया है। गिरोह का सरगना एक वियतनामी नागरिक बताया गया है।

संघाई दैनिक में सोमवार को प्रकाशित रिपोर्ट में कहा गया है कि 17 से 30 साल की उम्र की महिलाओं को या तो धन का लालच देकर या फिर वियतनाम में उनका अपहरण कर सीमा पार युन्नान प्रांत लाया गया। गिरोह के सदस्यों ने पहले चीनी ग्रामीणों को यह कहने के लिए सिखाया कि उन्होंने इन्हें (महिलाओं को) बेटियों के रूप में गोद लिया है, लेकिन बाद में इन महिलाओं को गरीबी से ग्रस्त गनसू इलाकों में कुंआरों के हाथों बेच दिया गया।

इस अपराध का पता तब चला, जब एक ग्रामीण ने पुलिस को बताया कि उसने बीबी खरीदने के लिए 90,000 यूआन खर्च किया था, लेकिन एक माह बाद ही महिला घर से रफूचक्कर हो गई। उसने बताया कि वह बिचौलिए के हाथों ठगा महसूस कर रहा है। जांच में पुलिस ने पाया कि गनसू में कई परिवारों में वियतनामी महिलाएं हैं। महिलाओं ने दावा किया है कि उन्हें अपहृत कर चीन लाया गया। कई महीनों तक चले अभियान में पुलिस ने युन्नान, गनसू और बीजिंग से 50 संदिग्धों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 18 महिलाओं को मुक्त कराया।

Related posts