गोहर में विवाहिता की हत्या

गोहर(मंडी)। उपमंडल की बस्सी पंचायत के धाराबीड गांव में एक विवाहिता की हत्या का मामला सामने आया है। महिला की खून से लथपथ लाश अर्द्धनग्न अवस्था में खेत से बरामद हुई है। इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर जाकर लाश को कब्जे में ले लिया है। वहीं धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
मृतका की शिनाख्त दुर्गा देवी (42) पत्नी हंस राज निवासी धाराबीड के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार लाश को देखने से लगता है कि महिला के सिर और कान पर तेजधार हथियार से हमला किया गया है। महिला की दोनों टांगों में भी गहरे काले जख्मों के निशान पाए गए हैं।
बताया जा रहा है कि विवाहित दुर्गा देवी सोमवार को दोपहर बाद जंगल में घास लाने अकेली निकली थी। शाम को जब वह वापस घर नहीं लौटी तो महिला के छोटे बेटे केवल कृष्ण ने गांव वालों और परिजनों को इसकी सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने रात भर महिला को जंगल में ढूंढा। मगर रात भर उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जब लापता महिला की मौसी तूला देवी अपने खेतों में गई तो उसे वहां उसकी अर्द्धनग्न एवं खून से लथपथ लाश दिखाई पड़ी। तूला देवी के चिल्लाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दुर्गा देवी की लाश देखने के उपरांत पंचायत प्रधान योगेश्वरी देवी को सूचित किया। प्रधान ने गोहर पुलिस को सूचना दी। जहां से एसएचओ नवीन झालटा के नेतृत्व में पुलिस टीम घटना स्थल पर पहुंची। पुलिस ने लाश बरामद कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस केअनुसार लाश पर तेजधार हथियार से हमले के निशान हैं। इससे जाहिर होता है कि महिला का बेरहमी से कत्ल किया गया है। घटनास्थल का जायजा लेने के लिए एएसपी मंडी मंगलवार सांय खुद घटना स्थल पहुंचे। जिनके आदेश पर गोहर पुलिस ने भादंसं की धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया। घटना की पुष्टि एएसपी मंडी रविंद्र सिंह जम्बाल ने की है। उन्होंने बताया कि महिला के अर्धनग्न शरीर पर हथियार से हमले के निशान हैं। इस कारण मर्डर का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के पति मजदूरी करते हैं। महिला अपने पीछे दो बेटे तथा दो बेटियाें को छोड़ गई है। उल्लेखनीय है कि महिला की इसी तरह मौत का एक अन्य मामला करीब दो-तीन माह पूर्व पंडोह में सामने आया था। वहां भी महिला की अर्धनग्न अवस्था में खेतों से लाश बरामद हुई थी।

Related posts