
सिहुंता (चंबा)। भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि कांगड़ा-चंबा विधानसभा सीटों के टिकटों का आवंटन सही न होने के कारण कांगड़ा की 15 में से तीन ही सीटें भाजपा की झोली में आई। इसके अलावा चंबा में पांच में से तीन सीटों पर ही भाजपा जीत दर्ज कर पाई। कांगड़ा और चंबा की 20 में से मात्र छह ही सीटों से संतोष करना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 68 सीटों में से केवल 26 सीटें भाजपा और 36 सीटों पर कांग्रेस ने कब्जा किया। इसके अलावा भाजपा समर्थित दो प्रत्याशी आजाद जीते हैं और अन्य चार प्रत्याशी बहुत कम वोटों से हारे हैं। टिकट आवंटन प्रक्रिया सही नहीं थी। इस कारण भाजपा को हार का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि टिकटों का आवंटन सही होता तो भाजपा का मिशन रिपीट सफल होता। पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि शांता कुमार की ओर से बांटी गई टिकटों पर लगभग सभी सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है।