खैर के 71 पेड़ों पर चली कुल्हाड़ी

झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता वन परिक्षेत्र के तहत खैर के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चल गई है। अवैध रूप से काटे गए इन पेड़ों की विभाग ने डैमेज रिपोर्ट काट दी है। धराड़लानी और डाहड़ में 71 पेड़ों का कत्ल हुआ है। इसके बाकायदा लॉग बनाए जा रहे थे। आशंका जाहिर की जरा रही है कि ठेकेदारों ने मलकीयत भूमि से खैर कटान की आड़ में सरकारी भूमि पर भी पेड़ों का कत्ल कर दिया। जबकि सरकारी भूमि पर खैर के पेड़ों का कटान प्रतिबंधित है।
जानकारी के अनुसार थराड़लानी वन क्षेत्र में 65 पेड़ों पर कुल्हाड़ी चली है। यहां विभाग ने मौके पर पहुंचकर 404 लॉग बरामद किए हैं जबकि डाहड़ में छह पेड़ों का कत्ल हुआ है। यहां भी 34 लाग बरामद हुए। विभाग ने दोनों ही जगह पर डैमेज रिपोर्ट काटते हुए जुर्माना ठोका है। पेड़ कटाने की एवज में विभाग ने 34 हजार रुपये जुर्माना वसूला है। इसके अलावा नगराओ और डाहड़ में भी नौ-नौ हजार रुपये जुर्माना किया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी डीआर कौशल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से वन कटान करने वालों को बक्शा नहीं जाएगा। इस बारे छानबीन की जा रही है।

Related posts