कोलडैम विस्थापितों ने घेरा डीसी अफिस

बिलासपुर/ बरमाणा। कोलडैम विस्थापितों का गुस्सा फिर फूट पड़ा है। परियोजना क्षेत्र में धारा 144 लागू करने पर बिफरे विस्थापितों ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। पूरे बिलासपुर शहर में रैली निकालते हुए प्रदर्शनकारी उपायुक्त कार्यालय पहुंचे और तकरीबन तीन घंटे तक कार्यालय के बाहर धरना दिया। इससे वहां पर माहौल तनावपूर्ण रहा। विस्थापितों ने जोरदार नारेबाजी की। इस दौरान वहां पुलिस जवान भी तैनात रहे। अब विस्थापितों ने क्रमिक भूख हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया है। उपायुक्त कार्यालय के बाहर पांच लोगों ने इसकी शुरूआत की। हालांकि, बाद में भूख हड़ताल पर बैठे लोग यहां से चले गए। अब हरनोड़ा में ही क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठेंगे।
अपने हकों के लिए कोलडैम का निर्माण कर रही एनटीपीसी के खिलाफ विस्थापितों का आंदोलन जारी है। मंगलवार को विस्थापित परियोजना स्थल से बसों में सवार होकर जिला मुख्यालय पहुंचे। गुरूद्वारा चौक से उपायुक्त कार्यालय तक जोरदार रैली निकाली गई। एनटीपीसी गो बैक, अपना हक लेकर रहेंगे….जैसे जोशीले नारे लगाते हुए प्रदर्शनकारियों ने माहौल गरमा दिया। विस्थापितों ने कहा कि उन्हें भीख नहीं अपना हक चाहिए और इसके लिए वह कोई भी कुर्बानी देने को तैयार हैं। धरने को संबोधित करते हुए संघर्ष समिति के संयोजक एडवोकेट बाबूराम ठाकुर, युवा नेता अजय शर्मा, अशोक गौतम, महिला नेता सरोज लता, क्याण मंडी के बीरबल राम, नंदलाल ठाकुर, अनिल दिलजले, विक्त्रस्म ठाकुर, अनिल ठाकुर ,उपप्रधान रमेश ठाकुर ने कहा कि वह लोग अपने हकों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उनके शांतिपूर्ण चल रहे प्रदर्शन को रोकने के लिए क्षेत्र में धारा 144 लगाई है, लेकिन इसके बावजूद भी विस्थापितों व प्रभावितों के हौसले कम नहीं हुए हैं।

Related posts