कुल्लू में अतिरिक्त बसें चलाए निगम

कुल्लू। एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन ने प्रदेश सरकार से निगम में रिक्त पड़े कर्मचारियों के पदों को शीघ्र भरने की मांग की है। स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के प्रधान राजेंद्र कुमार का दावा है कि कुल्लू डिपो प्रदेश में आय के हिसाब से प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कुल्लू में नई बसें चलाने का भी सरकार से आग्रह किया है।
स्टेट एचआरटीसी कंडक्टर यूनियन के कुल्लू डिपो के प्रधान राजेंद्र कुमार और महासचिव बेलीराम कुल्लवी ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह तथा परिवहन मंत्री जीएस बाली से निगम में रिक्त पड़े पदों को जल्द भरने का आग्रह किया है। बस पास धारक के साथ पहली कक्षा से बाहरवीं के बच्चों को बस में मुफ्त यात्रा सुविधा देने का स्वागत भी किया है।
यूनियन का कहना है कि लोकल रूटों में सवारियां अधिक रहती हैं। इस कारण लोगों को मजबूरन बस की छत पर सफर करना पड़ता है। इसलिए यहां अतिरिक्त बसों का प्रबंध किया जाए। उन्होंने कहा कि कुल्लू-मनाली पर्यटन स्थान है और अभी पर्यटन सीजन शुरू होने वाला है। यहां स्टाफ और नई बसों के पुख्ता इंतजाम किए जाने चाहिए। कुल्लू डिपो कई बार प्रदेश में आय के हिसाब से प्रथम स्थान पर रहता है। इसके लिए कुल्लू डिपो को नई बसें और स्टाफ दिया जाए। यूनियन के सदस्य में जय चंद नेगी, जीत राम कौशल, नेक राम, प्रकाश चंद, रत्न लाल, राम सिंह, बलवीर सिंह, सुनील कपूर, मुन्नी लाल, कर्म सिंह, इंद्र देव, नागेश कुमार, राजेंद्र कृष्ण और लाभ सिंह ठाकुर ने सरकार से नई बसें चलाने की मांग की है।

Related posts