
बद्दी (सोलन)। भटोली कलां पंचायत की कुंजाहल में सरकारी जमीन पर बनी झुग्गियों को हटाने की कवायद शुरू हो गई है। पंचायत और उद्योग विभाग ने कुंजाहल खड्ड के किनारे से सभी प्रवासी कामगारों को दो दिन के भीतर झुग्गियां हटाने के आदेश दे दिए हैं। कुंजाहल खड्ड के किनारे करीब पांच दर्जन से अधिक प्रवासी कामगारों ने पंचायत और उद्योग विभाग की जमीन पर झुग्गियां बना रखी हैं। इन झुग्गियों से जहां पंचायत निर्मल होने से वंचित हो रही है, वहीं ये प्रवासी पालीथिन का प्रयोग कर उसे क्षेत्र में फैला रहे हैं। पंचायत के सभी लोगों ने अपने-अपने घरों में शौचालय तैयार कर लिए है, लेकिन प्रवासी कामगार अभी भी खुले में शौच कर रहे हैं। इससेपंचायत को निर्मल पुरस्कार से वंचित रहना पड़ रहा है।
इन झुग्गियों में रहने वाले लोगों का कोई पंजीकरण न होने से क्षेत्र में लूट और चोरी की घटनाएं भी बढ़ रही हैं। दो सप्ताह पूर्व पंचायत की एक महिला के साथ एक प्रवासी व्यक्ति ने उस समय छीना झपटी की, जब वह खेत में घास लेने आई हुई थी। महिला ने किसी तरह बहादुरी दिखाते हुए उसके हाथ में दांत गड़ा दिए जिससे वह मौके से भाग गया, लेकिन अभी तक पुलिस उक्त आरोपी को पकड़ने में नाकाम रही। पंचायत प्रधान अच्छर पाल कौशल, उद्योग विभाग के प्रबंधक गुरुदेव, राधे श्याम समेत एचएसआईडीसी के कर्मचारियों ने मौके पर जाकर कुंजाहल में नदी के किनारे अवैध रूप से बसे कामगारों को हटाने के आदेश जारी किए। प्रवासी कामगारों ने दो दिन का समय मांगा है। पंचायत प्रधान अच्छर पाल कौशल ने बताया कि अगर दो दिन के भीतर प्रवासी कामगार यहां से झुग्गियां नहीं हटाएंगे तो उन्हें पुलिस के सहयोग से जबरन हटा दिया जाएगा।
उधर, भटोली कलां पंचायत का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधान अच्छर पाल कौशल के नेतृत्व में बीबीएनडीए की सीईओ मीरा मोहंती से मिला और पंचायत की निजी क्षेत्र से भी झुग्गियां हटाने की मांग रखी है। मीरा मोहंती ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि शीघ्र ही इस संबंध में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
