
मंडी। सराज विधानसभसा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी गुटबाजी से उभर नहीं सकी है। मंडल कार्यकारिणी भंग हो जाने के बाद अब एक बार फिर संगठन बनाने की कवायद तेज हो गई है, लेकिन इस बीच भी पहले की ही तरफ सराज कांग्रेस दो गुटाें में विभाजित और दूरियाें में बिखरी नजर आ रही है। सराज कांग्रेस में धड़ेबाजी विधानसभा चुनाव के समय ही खुलकर सामने आ गई थी। अब पूर्व मंडल अध्यक्ष चेतराम ठाकुर अपनी ताकत को मजबूती प्रदान करने की जुगत में हैं। वहीं दूसरी ओर तारा ठाकुर सहित पार्टी के कई अन्य दल मंडल सराज की कार्यकारिणी को भंग करने पर खुश हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने सराज मंडल कार्यकारिणी को भंग कर दिया था। अब संगठन बनाने की हलचल मची हुई है। सराज कांग्रेस से तारा ठाकुर विस चुनावाें में इस बार बतौर पार्टी प्रत्याशी की भूमिका में नजर आई थीं। ऐसे में उनके निर्णय को ज्यादा तरजीह मिलने की उम्मीद है। सराज मंडल के अध्यक्ष पद के लिए दस के करीब उम्मीदवार अपनी दावेदारियां ठोंक रहे हैं, लेकिन अध्यक्ष पद पर अंतिम निर्णय भी पार्टी प्रत्याशी की भूमिका में नजर आई तारा ठाकुर के समर्थन एवं सहयोग से ही तय होने की उम्मीद है। सराज कांग्रेस में इन दो धड़ों के बीच पैदा हुई दूरियां कम नहीं हुई हैं, लेकिन इतना तय है कि अगर तारा ठाकुर को लंबी राजनीतिक पारी खेलनी है तो मंडल कार्यकारिणी से ही सराज कांग्रेस की भावी राजनीति का वजन बढ़ सकता है। एक पहलू यह भी है कि सराज युवा कांग्रेस पूर्व मंडल कार्यकारिणी को भंग करने से खुश नहीं है। फिलहाल, सराज विधानसभा के पच्चीस हजार मतदाता मंडल अध्यक्ष की सरदारी का बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं।