कार खाई में गिरी, महिला यात्री की मौत

अगस्त्यमुनि/रुद्रप्रयाग। केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गीता कुटीर भीरी के निकट एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर नदी किनारे जा गिरी। हादसे में महिला यात्री ने अस्पताल लाते समय दम तोड़ दिया। जबकि पति और चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अगस्त्यमुनि में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रैफर किया गया है। ये लोग केदारनाथ दर्शन को जा रह थे।
सोमवार शाम करीब पांच बजे गौरीकुंड की ओर जा रही एक कार बांसवाड़ा-भीरी के बीच सड़क से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिर गई। वहां से गुजर रहे होमगार्ड के एक जवान ने दुर्घटना की सूचना पुलिस चौकी अगस्त्यमुनि और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा 108 को दी। पुलिस की मदद से लोगों ने घायलों को खाई से निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि पहुंचाया। इस हादसे मे बुरी तरह घायल संतोष जागरवाल (60) पत्नी भंवर सिंह निवासी सूर्य विहार कोपीसेन बार्डर गुड़गांव हरियाणा ने रास्ते में प्राण त्याग दिए। जबकि मृत महिला के पति भंवर सिंह और वाहन चालक राजीव कुमार निवासी न्यू वैसलोवा कालोनी फरीदाबाद हरियाणा को सीएचसी अगस्त्यमुनि में उपचार के बाद रेफर कर दिया गया। भंवर सिंह के पीठ और मुंह में काफी चोटें आई हैं। उन्होंने यात्रा के लिए वाहन ऋषिकेश से बुक कराया था। उनके बेटे विदेश रहते हैं। पुलिस ने उनको घटना की सूचना दे दी है।

Related posts