
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में शुक्रवार को कामगारों ने अपनी मांगो को लेकर इंटक के नेतृत्व में नारेबाजी की। इस मौके पर कामगारों ने एक फैक्टरी गेट पर अपना झंडा लगाया तथा कंपनी में यूनियन का गठन कर संजीव कुमार को अध्यक्ष चुना।
इंटक के बीबीएन इकाई के अध्यक्ष गुरमेल चौधरी व महासचिव राजकुमार राजू ने बताया कि कास्मेटिक उद्योग में काफी लंबे समय से कामगारों की शिकायतें आ रही थी। इसी के आधार पर इंटक ने उद्योग के कामगारों की समस्याएं सुनने के लिए पहले तो एक बैठक रखी गई व मजदूरों की समस्याओं से उद्योग प्रबंधकों व कामगारों को भी परिचित करवाया गया। जब कोई निवारण नहीं हुआ था तो शुक्रवार को उद्योग के गेट पर नारेबाजी करनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार को इंटक ने पहले तो उद्योग के गेट पर इंटक का झंडा लगाया तथा बाद में कार्यकारिणी का गठन किया। इसमें संजीव कुमार को अध्यक्ष, श्याम लाल को उपाध्यक्ष, रक्षपाल को महासचिव, योगराज व राजिंद्र सिंह को संगठन मंत्री बनाया गया। श्रम अधिकारी मनीष करोल ने बताया कि उन्हें शुक्रवार को ही शिकायत मिली है। इसकी छानबीन करने के बाद कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर महासचिव राज कुमार, कुलदीप कुमार, कृष्ण कुमार, जय सिंह, जसवीर सिंह, राजवीर सिंह समेत अनेक लेाग उपस्थित थे।