अल्मोड़ा। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष मंजू तिवारी ने कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन में बढ़ती महंगाई, भ्र्रष्टाचार, अपराध से राज्य की जनता त्रस्त है। विधानसभा अध्यक्ष स्वयं सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों के भ्रष्टाचार और लूटखसोट में होने की बात स्वीकार रहे हैं। जिससे कांग्रेस सरकार का असली चेहरा उजागर हो गया है।
यहां पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कुनीतियों से राज्य की वित्तीय स्थिति चरमरा गई है। कर्मचारियों को वेतन समय पर नहीं मिल रहा है। दुर्भावनावश कांग्रेस सरकार ने अटल योजना का खाद्यान्न और चीनी कोटा भी घटा दिया है। अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस की केंद्र सरकार को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि यह सरकार संसद और विधानसभा में महिलाओं को आरक्षण देने संबंधी बिल को लगातार टाल रही है। उन्होंने भाजपा को महिला हितैषी बताया और कहा कि भाजपा ने ही मातृशक्ति को स्थानीय निकायों में 50 फीसदी और पार्टी संगठन में 33 फीसदी आरक्षण दिया है। उन्होंने कहा कि 2014 में देश में भाजपा की सरकार बनेगी।
बाक्स