कहासुनी पर कुएं में कूदा युवक

ऊना। परिजनों के साथ हल्की कहासुनी के बाद आपा खो बैठे एक युवक ने कुएं में कूदकर जान दे दी। उसकी घर में परिजनों के साथ सुबह बहस हुई थी। सुबह 11.40 पर फायर स्टेशन को भी सूचित किया गया। फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर शव कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक की पहचान 24 वर्षीय शिव कुमार पुत्र राज कुमार निवासी अप्पर अरनियाला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय के समीपवर्ती अरनियाला गांव में एक कुएं में शिव कुमार ने छलांग लगा दी। उसको छलांग लगाते वक्त गांव की ही एक महिला ने देख लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग भी वहां एकत्रित हुए। काफी ग्रामीण मौके पर एकत्रित होकर युवक को कुएं से बाहर निकालने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। शिव कुमार की पानी में दम घुटने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी केएल बैरी भी टीम सहित मौके पर पहुंचे। युवक के शव को कुएं से बाहर निकालने के लिए मौके पर दमकल कर्मियों की मदद ली गई। दमकल विभाग की सहायता से मृतक शिव कुमार के शव को बाहर निकाला जा सका। उधर, डीएसपी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर इसे परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि मृतक का सुबह के समय घर में परिजनों के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा भी हुआ था। पुलिस को यह भी पता चला है कि मृतक नशे का भी आदी था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।

Related posts