इस बार रुलाएगा नहीं हंसाएगा सेब

मंडी/पांगणा। इस बार मौसम के साथ देने से जिले में सेब की बंपर पैदावार होने से बागवान उत्साहित हैं। पिछले तीन साल से जिले के बागवानों को मौसम की मार झेलनी पड़ रही थी लेकिन इस बार सेब के पेड़ फलों से लदे हैं। तीन गुणा अधिक पैदावार होने उम्मीद है। उद्यान विभाग ने 570522 मीट्रिक टन सेब उत्पादन होने का लक्ष्य रखा है। जिले के सराज, करसोग, चौहारघाटी क्षेत्रों में सेब की अच्छी पैदावार होने से बागवान खुश हैं। बाहरी राज्यों के आढ़तियों ने भी क्षेत्रों का रुख कर दिया है। आढ़ती बगीचों की बोली लगा रहे हैं। बागवानों को घर द्वार पर ही सेब के अच्छे दाम मिल रहे हैं। जंजैहली, करसोग, पांगणा, चुराग, निहारी बालीचौकी, छतरी, थाची, पंजाई, गाडागुशैणी, जरोल, लंबाथाच, थुनाग, बगस्याड़, कांढा, सलाहर, जहल, धंगयारा, जाच्छ, तुना, करनाला, सरोआ, सजीहणी, खनैबरू, रजोट, बाढू, कुटाहची, रोहांडा, घीडी, शकोहर, कमांद में सेब की अच्छी फसल है। चुराग क्षेत्र के बागवान बीके बंसल, नरपत राम, राज कुमार कौशल, पांगणा से विक्रम रावत, अश्वनी सूद, हरी कृष्ण का कहना है कि इस बार सेब की बंपर फसल है। उधर उद्यान विभाग के उप निदेशक प्रेम सिंह चौहान का कहना है कि जिले में इस साल सेब की अच्छी फसल है। मौसम ने भी बागवानों का साथ दिया है। सेब का अच्छा कारोबार होगा।

Related posts