बद्दी (सोलन)। बद्दी में कांगड़ा की युवती से हुए बलात्कार के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। आरोपी के परिजनों का दावा है कि आरोपी युवक वारदात वाले दिन बद्दी में नहीं कांगड़ा में ही था। ऐसे में अब पुलिस मोबाइल टावर की लोकेशन के आधार पर भुड्ड गांव में युवती के साथ हुए दुराचार के मामले की जांच करेगी। वहीं युवक का आरोप है कि युवती उसे साजिश के तहत फंसा रही है।
कांगड़ा की एक युवती ने कांगड़ा के एक युवक पर अपनी साथ के साथ उसके साथ शारीरिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। युवती ने 31 मई को दर्ज रिपोर्ट में बताया कि 25 मई को भुड्ड गांव के समीप कांगड़ा के गांव धुली, पोस्ट आफिस लोहारा, तहसील फतेहपुर निवासी निखिल राठौर सफारी से जा रहा था, उसे जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। भुड्ड गांव के समीप ही उसने एक फैक्टरी के पीछे ले जाकर उसके साथ दुराचार किया। इसके साथ एक अन्य युवक भी था उसने भी उसकी अस्मत लूटी। दोनों उसे वहां छोड़ कर फरार हो गए।
वहीं मामले की जांच कर रहे डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने युवती का मेडिकल कराया जिसमें शारीरिक दुष्कर्म होने की पुष्टि हुई है, लेकिन आरोपी निखिल युवती की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज कर रहा है। वहीं निखिल के परिजन घटना के दिन निखिल के कांगड़ा में होने का दावा कर रहे हैं। युवती एक अन्य युवक पर भी दुराचार के आरोप तो लगा रही है लेकिन उसे वह पहचानती नहीं है। जिससे यह मामला काफी पेचीदा बनता जा रहा है।
इस संबंध में डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस निखिल की सच्चाई जानने के लिए मोबाइल टावर की लोकेशन का सहारा लेगी। उन्होंने टावर कंपनी को इस बारे में लिखा है। जैसे ही उन्हें रिपोर्ट मिलती है तो उसी आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।