कुल्लू। लोस उपचुनाव प्रभारी एवं विधायक रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि देश में आतंकवाद, महंगाई और नक्सलवाद चरम सीमा पर है। देश की हालत काफी दयनीय हो चुकी है। चुनाव में देश की जनता को राहत देने का वायदा करने वाली केंद्र की यूपीए सरकार ने नौ सालों में देश की जनता की जेब पर डाका डालने का काम किया है।
रविंद्र रवि कुल्लू में पत्रकारवार्ता संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नौ साल में विकास तो नहीं हुआ पर एक से बढ़कर एक घोटाले जरूर हुए। ऐसे में देश की जनता कब तक इस भ्रष्ट सरकार को सहती रहेगी। कंपनियां मनमर्जी से दाम बढ़ाती हैं और सरकार तमाशबीन बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय उपचुनाव में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह किस मुंह से वोट मांग रहे हैं। वीरभद्र और प्रतिभा सिंह ने काफी समय तक मंडी लोस सीट पर कब्जा जमाया रखा लेकिन कोई भी विकास काम नहीं हुआ। वह बताएं कि उन्होंने मंडी के लोगों के लिए क्या किया?
पूर्व भाजपा सरकार ने स्की विलेज को जनता की भावना को समझते हुए निरस्त कर किया लेकिन अब कांग्रेस सरकार फिर से कुल्लू में स्की विलेज बनाने के पक्ष में काम कर रही है। भाजपा ने अपने कार्यकाल में एक इंच भी जमीन किसी संस्थान को नहीं दी है। कांग्रेेस विदेशियों को जमीन देकर 118 का उल्लंघन कर रही है। विस चुनाव में युवाओं को ठगने का काम किया है। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष राम सिंह, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष युवराज बौद्ध, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य चंद्र भूषण नाग, जिला महामंत्री प्रताप ठाकुर, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जीएस बब्बू तथा भाजपा मीडिया प्रभारी जोगिंद्र शुक्ला मौजूद रहे।