आग में झुलसी महिला की मौत

चिंतपूर्णी (ऊना)। ग्राम पंचायत लोहारा के तहत पड़ते मवा गांव में बुधवार को पेश आए एक हादसे में एक महिला आग में झुलस कर मौत का शिकार हो गई। महिला को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया था, जहां उसकी नाजुक होती हालत के कारण उसे तुरंत पंजाब के लुधियाणा स्थित डीएमसी अस्पताल भेज दिया गया था। लेकिन महिला आग के ताव को न सह सकी और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महिला के शव का पोस्ट मार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। जबकि मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक लोहारा के मवा गांव निवासी 49 वर्षीय महिला लीला देवी पत्नी राम चंद रसोई गैस चूल्हे पर चाय बना रही थी। इसी दौरान उसका दुपट्टा गैस चूल्हे पर जा गिरा, जिसे आग भड़क उठी और कुछ ही पलों में महिला पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। लीला देवी की चीखें सुनकर उसका पति और पुत्र रसोई घर की ओर भागे, इसी दौरान आसपास के लोग भी मौके पर आ गए। उन्होंने बमुश्किल आग पर काबू पाया और महिला को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले आए, लेकिन ऊना में महिला की हालत में कोई सुधार न होते देख चिकित्सकों ने उसे पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। महिला के परिजन उसे लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। डीएसपी अंब मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने घटना के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। जबकि, मामले की छानबीन आरंभ कर दी गई है।

Related posts