अवैध संबंध बने राजमिस्त्री की हत्या का कारण

रानीखेत। पंतगांव के राजमिस्त्री राधे राम की हत्या का मुख्य कारण अवैध संबंध बताए जा रहे हैं। राजस्व पुलिस के अनुसार मृतक के दुभणा गांव निवासी रेवा राम की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। रेवा राम को जब इस बात का पता चला तो उसने अपने भाई दुर्गा राम के साथ मिलकर राजमिस्त्री की हत्या का तानाबाना बुन लिया। गांव में हत्या करने के बाद शव को जंगल में फेंक दिया गया।
23 जून को पंतगांव निवासी राजमिस्त्री राधे राम लापता हो गया था। 26 जून की शाम जंगल में चरवाहों को उनका क्षत-विक्षत शव मिला। सिर पर नुकीले हथियार से कई वार किए गए थे, चेहरा भी पहचानने लायक नहीं था, कपड़ों से शिनाख्त हुई। मृतक के पुत्र अनिल कुमार ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। राजस्व पुलिस ने मृतक के पुत्र और पत्नी के बयानों के बाद 28 जून को दुभणा गांव निवासी रेवा राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इसके बाद मंगलवार को उसके भाई दुर्गा राम और बुधवार को रेवा राम की पत्नी मुन्नी देवी की गिरफ्तारी हुई। नायब तहसीलदार दौलत राम ने बताया कि मुन्नी देवी ने अवैध संबंधों की बात कुबूल ली है। उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी रेवा राम ने कुल्हाड़ी से राधे राम की हत्या की, हत्या के वक्त पहने कपड़े और कुल्हाड़ी को जंगल में छिपा दिया। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और कपड़े भी बरामद हो गए हैं। अभियुक्तों को धारा 302 के तहत जेल भेज दिया गया है।

Related posts