अत्याचार के प्रति आवाज उठाएं महिलाएं

रामपुर बुशहर। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रामपुर में जगह-जगह कार्यक्रम हुए। कार्यक्रमों में जहां महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया, वहीं उन्हें किसी भी विकट परिस्थिति का सामना करने को तैयार रहने को कहा गया। कोर्ट परिसर में हुए कार्यक्रम में उपमंडलीय विधिक सहायता समिति की अध्यक्ष एवं सब जज सपना पांडे ने महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं को उनके अधिकारों के बारे में बताया और इनके प्रति जागरूक रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह के उत्पीड़न को सहन नहीं करना चाहिए। जो उत्पीड़न करता है, उसके खिलाफ खुलकर आगे आना चाहिए। इस अवसर पर रीना दीपक, अनीता नेगी ने स्रोत व्यक्ति के रूप में महिलाओं को जागरूक किया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग रामपुर-ननखड़ी की ओर से स्वास्थ्य केंद्र बड़ाच में महिला दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सा अधिकारी डा. भारती आजाद और स्वास्थ्य शिक्षक केसी जिस्टू ने महिलाओं को जागरूक किया। कार्यक्रम में महिलाओं को उनके अधिकारों समेत घरेलू हिंसा अधिनियम, घटते लिंगानुपात आदि विषयों के बारे में जानकारी दी गई। ज्यूरी पंचायत में भी महिला दिवस मनाया गया। यहां पंचायत उपप्रधान राजकांता ने महिलाओं को जागरूक किया। उन्होंने महिलाओं से अत्याचार के प्रति खुलकर आवाज उठाने को कहा। अंबेडकर भवन निरमंड में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त सीडीपीओ चंद्रकला बंसल ने महिलाओं को जागरूक किया। इस अवसर पर पंचायत प्रधान रामकिशन शर्मा, सीडीपीओ जीसी पाठक समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related posts