
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के 88वें जन्म दिन समारोह में शामिल होने के साथ ही मंगलवार को प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने फिर भाजपा की राजनीति में आगाज किया। उन्होंने अटल के सपनों को पूरा करने की हुंकार भरी तो राजधानी के कुड़िया घाट पर जमा भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी से तालियों के साथ अटल-कल्याण जिंदाबाद के नारे लगाए।
अटल की देन हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान
लगभग चार साल बाद भाजपा के किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में कल्याण सिंह की यह पहली उपस्थिति थी। तहरी भोज के तौर पर आयोजित इस कार्यक्रम में कल्याण पुराने कार्यकर्ताओं से पूरी गर्मजोशी के साथ मिले। उन्होंने कहा कि हिंदी, हिंदू, हिंदुस्तान की देन अटल बिहारी बाजपेयी की है। अटल का यह सपना था, जिसको उन्होंने पूरा किया। उन्होंने अटल की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि अटल ने संयुक्त राष्ट्र में हिंदी में भाषण देकर, हिंदी में कविता ‘रग-रग में हिंदू जीवन’ लिखी और प्रधानमंत्री के रूप में मजबूत हिंदुस्तान की स्थापना की। यही आम आदमी का सपना था, जिसको अटल ने पूरा किया है।