‘PM बनते ही दाऊद को फांसी पर लटका देंगे मोदी’

‘PM बनते ही दाऊद को फांसी पर लटका देंगे मोदी’

मुंबई: स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री को निशाना बनाने वाले भाषण के लिए नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए शिवसेना ने कहा कि उसे उम्मीद है कि भाजपा नेता जब शीर्ष पद पर बैठेंगे तो वह भगोड़ा माफिया सरगना दाउद इब्राहिम को भी भारत ले आएंगे और उसे फांसी देंगे। पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में प्रकाशित संपादकीय में शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने कहा, ‘‘जिस मुद्दे पर मोदी ने प्रधानमंत्री की आलोचना की, उसका कल उन्हें समाधान करना होगा।’’ ठाकरे ने अपने संपादकीय में कहा है, ‘‘अगर मोदी दिल्ली में सरदार पटेल की तरह सत्ता पाते हैं तो वह उन सबको जेल में डाल देंगे जो देश को लूट रहे हैं।

वह हाफिज सईद, दाऊद ब्राहिम और टाइगर मेमन को पाकिस्तान से खींच लाएंगे और उन्हें फांसी देंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह मालवाहक विमान में स्विस बैंकों से काला धन भरकर उसे वापस भारत ले आएंगे। गरीब और किसान खुश होंगे और कर्ज मुक्त जीवन गुजारेंगे।’’ साथ ही उन्होंने कहा, ‘‘जो रूपया डॉलर की तुलना में आज गिर रहा है उसमें बिल्कुल विपरीत रूझान दिखाने लगेगा। हम आश्वस्त हैं कि अगर मोदी सत्ता में आएंगे तो पाकिस्तानी हमारी सीमा को पार नहीं करेंगे और हमारे सैनिकों की हत्या नहीं करेंगे। सिंधुरक्षक जैसी हमारी पनडुब्बियों में आग नहीं लगेगी। मोदी इन सबको कर दिखाएंगे और किसी को इसपर संदेह नहीं है।’’

Related posts