NIA हैदराबाद ने दिलसुखनगर विस्फोट मामले में यासीन भटकल को गिरफ्तार किया

NIA हैदराबाद ने दिलसुखनगर विस्फोट मामले में यासीन भटकल को गिरफ्तार किया

नई दिल्ली: इंडियन मुजाहिदीन के सह-संस्थापक यासीन भटकल को आज एनआईए हैदराबाद ने फरवरी 2013 में हुए दिलसुखनगर विस्फोट मामले में गिरफ्तार किया। इससे पहले, दिल्ली की एक अदालत ने एनआईए की याचिका स्वीकार करते हुये उसे दो दिन के लिये जांच एजेंसी की हिरासत में दे दिया। राष्ट्रीय जांच एजेन्सी की चार दिन की हिरासत समाप्त होने पर भटकल को जिला न्यायाधीश आई एस मेहता के समक्ष पेश किया गया।

जांच एजेंसी ने कहा कि उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाए क्योंकि देश में विभिन्न आतंकवादी हमलों को अंजाम देने के सिलसिले में हिरासत में लेकर उससे पूछताछ करने की उसे अब आवश्यकता नहीं है। हालांकि, एनआईए की हैदराबाद इकाई ने भटकल को दिलसुखनगर विस्फोट मामले में गिरफ्तार करने की अनुमति मांगी और उसे हैदराबाद ले जाने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड की मांग भी की।

न्यायाधीश ने कहा, ‘‘मैंने वरिष्ठ लोक अभियोजक द्वारा दायर आवेदन की सामग्री का अध्ययन किया है और उसे मंजूर किया जाता है। आरोपी मोहम्मद अहमद सिद्दिबप्पा उर्फ यासीन भटकल की गिरफ्तारी की अनुमति सीआईओ, एसपी एनआईए हैदराबाद को दी जाती है और एनआईए हैदराबाद को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड सौंपी जाती है।’’न्यायाधीश ने एनआईए हैदराबाद के पुलिस अधीक्षक को संबद्ध अदालत में 23 सितंबर या उससे पहले पेश करने का निर्देश दिया।

Related posts