BCCI की आपात बैठक कल दो बजे के बाद होगी

BCCI की आपात बैठक कल दो बजे के बाद होगी

चेन्नई : आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग स्कैंडल पर कल होने वाली बीसीसीआई की कार्यकारी समिति की आपात बैठक का समय बदलकर अब 11 बजे के बजाय दोपहर ढाई बजे कर दिया गया है। इसमें बोर्ड अध्यक्ष एन श्रीनिवासन के इस्तीफा देने की संभावना है। बीसीसीआई संयुक्त सचिव अनुराग ठाकुर ने बयान में कहा, ‘‘बीसीसीआई की कार्यकारी समिति की आपात बैठक दो जून 2013 को चेन्नई के पार्क शेरेटन में दोपहर ढाई बजे होगी।’’

बैठक के दौरान विवादों में घिरे श्रीनिवासन शायद कल अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर सकते हैं। आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग स्कैंडल और उनके दामाद की सट्टेबाजी के आरोप में गिरफ्तारी के बाद श्रीनिवासन पर पद से हटने का दबाव बनाया जा रहा है। श्रीनिवासन ने पहले कार्यकारी समिति बैठक अगले शनिवार को कराने की योजना बनाई थी, लेकिन अब इसे कल ही किया जा रहा है।

बैठक की घोषणा बीसीसीआई उपाध्यक्ष अरूण जेटली और संयुक्त सचिव अनुराग ठाकुर के पत्रकारों को अगले 24 घंटे में कुछ ‘महत्वपूर्ण’ होने तक का इंतजार करने की बात कहने के बाद हुई है। बोर्ड से जुड़े सूत्रों ने कहा कि श्रीनिवासन अध्यक्ष पद से हटने की घोषणा कर सकते हैं और उन्होंने इसके बारे में कुछ अधिकारियों से चर्चा की है।

Related posts