
पालमपुर (कांगड़ा)। गोल्ड लोन स्कीम के तहत एक बड़ा गड़बड़झाला सामने आया है। कई लोगों ने पालमपुर स्थित एक बैंक में सोना देकर लोन ले लिया। लेकिन बैंक को दिया गया यह सोना नकली निकला है। अपने स्तर पर हुई छानबीन के बाद बैंक ने अब पुलिस को शिकायत सौंप दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
सूत्र बताते हैं कि इस प्रक्रिया में कई लाखों का गोलमाल सामने आ सकता है। सूत्रों के अनुसार पालमपुर में एक बैंक से कई दिन पहले लोगों ने गोल्ड लोन स्कीम के तहत लोन लिया था। इसके बदले कई लोगों ने बैंक को लोन की एवज में सोना दिया। बैंक को दिए गए इस सोने की बाकायदा बैंक की ओर से अधिकृत किए एक एवेल्यूटेर ने इसकी जांच कर सोने को खरा बताकर इसकी कीमत निर्धारित की गई थी। उसके बाद ही बैंक ने इन लोगों को लोन दिया था। लेकिन बाद में बैंक को जल्द ही इस नकली सोने की भनक लग गई। इसमें करीब एक दर्जन लोगों का सोना बैंक में नकली निकला है। इसका पता चलते ही बैंक में हड़कंप मच गया। पहले तो बैंक ने अपने स्तर पर ही छानबीन की। उसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। उधर, डीएसपी पालमपुर मनमोहन सिंह ने कहा कि पुलिस के पास बैंक की शिकायत आई है। पुलिस इसकी जांच कर रही है। उसके बाद इसका पता चल पाएगा।
सवाल दर सवाल
गोल्ड लोन पर कई सवाल उठने शुरू हो गए हैं। इसमें सोने को खरा बताने पर एवेल्यूटेर की संदिग्ध भूमिका बताई जा रही है। जब सोना खरा नहीं था तो कैसे इसको सही बता दिया गया? सवाल यह है कि क्या इतने लोगों का सोना अगर नकली था तो बैंक ने इसे क्योें पास किया? बैंक को बाद में नकली सोने का पता कैसे लगा? यह सब पुलिस तफ्तीश में सामने आ जाएगा।
