
कुमारसैन (शिमला)। नारकंडा-टिक्कर सड़क पर हिमखंड आने से लगातार यातायात प्रभावित हो रहा है। सड़क पर हिमखंड आने से लोगों को घंटों जाम की परेशानी से जूझना पड़ रहा है। वहीं, वाहनों पर भी हिमखंड गिरने का खतरा बना हुआ है। इस मार्ग पर हर रोज कोटखाई, रोहडू, ननखड़ी, कोटगढ़ और थानाधार के सैकड़ों लोग सफर करते हैं।
इस क्षेत्र में तीन सौ सेंटीमीटर तक बर्फबारी दर्ज की गई है। अब जैसे-जैसे मौसम गर्म हो रहा है, बर्फ पिघल कर हिमखंड के रूप में सड़कों पर गिर रही है। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लगी रहती है। वहीं, यहां से सफर करने वाले सैकड़ों लोगों को भी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। हालांकि, लोक निर्माण विभाग ने मार्ग को बहाल करने के लिए एक जेसीबी, रोबोट के अलावा मजदूरों को तैनात कर रखा है लेकिन इसके बावजूद बागी, कोटखाई, रोहडू, ननखड़ी, कोटगढ़ और थानाधार के सैकड़ों लोगों की परेशानियां कम नहीं हो रही हैं। लगातार हिमखंड गिरने से यहां से गुजर रहे वाहन भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। इसके बारे में लोक निर्माण विभाग कुमारसैन के एक्सईएन अजय कपूर ने बताया कि सड़क पर लगातार हिमखंड गिर रहे हैं। इससे लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग ने पुख्ता प्रबंध कर रखे हैं। उन्होंने वाहन मालिकों से सावधानी से वाहन चलाने की अपील की है।
