
कांगड़ा। ब्लाक कांग्रेस कमेटी कांगड़ा ने बैठक आयोजित कर कांग्रेस के एसोसिएट विधायक पवन काजल पर सियासी वार किए। पूरी बैठक में सुरेंद्र काकू को कांगड़ा कांग्रेस का सर्वेसर्वा मानने का एलान कर दिया गया। काजल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गुमराह करने के आरोप लगाए गए। टंडन क्लब में आयोजित ब्लाक कांग्रेस की बैठक केवल चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। पूर्व विधायक चौधरी सुरेंद्र काकू बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए।
बैठक में केवल चौधरी ने कहा कि विधायक पवन काजल का कांग्रेस से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही आरोप लगाया कि काजल अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए कांग्रेस का सहारा ले रहे हैं। एकमत होकर एलान किया गया कि सुरेंद्र काकू ही कांग्रेस के सर्वमान्य नेता हैं। उन्हीं के मार्गदर्शन में अगला लोस चुनाव लड़ा जाएगा।
काजल सरकार के लिए एसोसिएट विधायक हो सकते हैं लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं। बैठक में प्रदेश सरकार की ओर से नगर परिषद के लिए काकू समर्थक तीन कार्यकर्ताओं को पार्षद मनोनीत करने पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार जताया गया। सुरेंद्र काकू ने कहा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर क्षेत्र में कांग्रेस को मजबूत किया जाएगा। कहा कांगड़ा को विकास में पिछड़ने नहीं दिया जाएगा। कार्यकर्ताओं से परामर्श करके ही विकास के नए आयाम स्थापित किए जाएंगे।
बैठक में हेमराज चंदेल, श्याम नारायण, रीता मनकोटिया, जगदीश चंद, संदीप चौधरी, जसवीर सिंह, रीता देवी, कौशल्या और सुषमा सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर काकू के नेतृत्व में आस्था जताई। इस मौके पर जिला कांग्रेस महासचिव पंडित वेद प्रकाश शर्मा, श्याम नारायण भी मुख्य रुप से मौजूद रहे।
