
जम्मू
जैश-ए मोहम्मद के पकड़े गए चारों आतंकियों का टारगेट शहर में ज्यादा नुकसान करना था। इनका मंसूबा मोटरसाइकिल खरीदना और आईईडी मोटरसाइकिल में लगाकर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विस्फोट करना था।
पहले पकड़े गए आतंकियों के इनपुट पर पुलिस ने चार और दहशतगर्दों को गिरफ्तार कर आतंकी मॉड्यूल को ध्वस्त किया है। आतंकी शहर के रघुनाथ मंदिर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, अन्य प्रसिद्ध मंदिरों समेत भीड़भाड़ वाले इलाकों में रैकी कर चुके थे। यह भी बताया जा रहा है कि ड्रोन के माध्यम से गिराए गए हथियारों को भी आतंकी जम्मू से घाटी में पहुंचा रहे हैं।
जम्मू आतंकवादियों के छिपने के लिए सुरक्षित जगह बन गई है। यहां से ही आतंकी अपना ट्रांजिट शिविर चलाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आतंकियों द्वारा बड़े हमले के इनपुट पुलिस को मिले हैं। अब पुलिस ने जैश-ए मोहम्मद आतंकी संगठन का मॉड्यूल ध्वस्त किया है। आतंकी सरगना पाकिस्तान से प्लान भेज रहे हैं। इस आधार पर रैकी कर हमले की योजना बनाई जा रही है।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: विदेशों में भी घाटी के केसर की भारी मांग, 226 गांवों में होती है केसर की पैदावार
वहीं, कुछ माह पहले बठिंडी से पांच किलो आईईडी बरामद हुई थी। इससे पहले लश्कर-ए मुस्तफा का आतंकी गंग्याल से पकड़ा गया था। बस स्टैंड में भी आतंकी विस्फोटक सामग्री के साथ हिरासत में लिया गया था। एसओजी ने भी आतंकियों को दबोचा है। अभी तक पुलिस की सतर्कता से बड़ी वारदातों को अंजाम देने में आतंकी कामयाब नहीं हो पाए हैं।
