
बिलासपुर। प्रशिक्षित बेरोजगार ऐसोसिएशन (गुरिल्ला) की बैठक जिला उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष टेक चंद गुलेरिया की अध्यक्षता में हुई। इसमें ऐसोसिएशन की आगामी रणनीति पर चर्चा करते हुए सरकार की बेरुखी पर नाराजगी जाहिर की गई। उपाध्यक्ष टेक चंद ने कहा कि भारतवर्ष के गुरिल्लाओं का गलत ढंग से इस्तेमाल हुआ है। पहले उनका प्रयोग हुआ और फिर छोड़ दिया गया। लेकिन, अब वे यह अन्याय नहीं सहेंगे। इसके लिए हर लड़ाई लड़ने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार यह न समझे की हम कमजोर हैं। अभी भी इन बाजुओं में ताकत है। लेकिन, अपने हक की इस लड़ाई को वह हथियार से नहीं बल्कि अपने संघर्ष से जीतेंगे। बैठक में चर्चा की गई कि हाल ही में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसदों के पांच सदस्य दल से मुलाकात की है। सांसदों के इस दल के नेतृत्व में राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी गृह मंत्री से मुलाकात कर अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि चार से आठ मार्च तक दिल्ली के जंतर-मंतर में आंदोलन करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन सरकार के नर्म रुख को देखते हुए इसे टाल दिया गया है। जरूरत पड़ी तो इसके बारे में फिर फैसला लिया जाएगा। बैठक में सुरेश शर्मा, बालक राम, मस्त राम, भगत राम, रामा नंद, नरोत्तम सांख्यान, भूरा राम, चेत राम शर्मा, राम पाल, नरेश कुमार, राजेंद्र रीता, उर्मिला, सुनीता, शर्मीला, निर्मला, राजकुमारी आदि ने भाग लिया। जबकि, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष टेक चंद गुलेरिया, सचिव श्याम सिंह, कोषाध्यक्ष पवन कुमार चंदेल, चेयरमैन हीरा पाल चौहान मुख्य रूप से मौजूद रहे।
