कल रात से थाने में धरना जारी, कहा- सारा मामला निपटा कर ही जाऊंगा : राकेश टिकैत

कल रात से थाने में धरना जारी, कहा- सारा मामला निपटा कर ही जाऊंगा : राकेश टिकैत

फतेहाबाद/टोहाना (हरियाणा)
दो किसान नेताओं की रिहाई और पुलिस प्रशासन द्वारा एएसआई की शिकायत पर दर्ज केस रद्द करवाने की मांग को लेकर पिछले साढ़े 13 घंटे से सदर थाने में राकेश टिकैत सहित किसानों का धरना लगातार जारी है। किसान नेताओं का आरोप है कि फतेहाबाद के एसपी राजेश कुमार ने केस रद्द करने से इंकार कर दिया है। इसके बाद सुबह पांच बजे ही गांवों के गुरूद्वारों में मुनादी करवाकर किसानों को सदर थाने पहुंचने का आह्वान किया गया।

इसके बाद सुबह से ही सदर थाना टोहाना में किसानों की संख्या बढ़ने लगी है। राकेश टिकैत का कहना है कि अब टोहाना से सारा मामला निपटा कर ही जाएंगे, चाहे कितने दिन भी यहां बैठना पड़े। उनके साथ गुरनाम चढूनी, योगेंद्र यादव, जोगिंद्र नैन सहित संयुक्त किसान मोर्चा के कई नेता भी वहीं मौजूद है। हालांकि, अब विधायक देवेंद्र बबली मामले में किसानों की नाराजगी दूर हो चुकी है।

दो हजार से अधिक किसान पहुंचे टोहाना
दोनों किसान नेताओं को रिहा नहीं करने के कारण शनिवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत, भाकियू के प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी, योगेंद्र यादव, युद्धवीर सिंह, जोगिंद्र नैन और संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्य भी गिरफ्तारी देने टोहाना पहुंचे। 

दो हजार से अधिक किसान भी टोहाना की अनाज मंडी में एकत्रित हुए। इसके बाद किसानों ने सदर थाने जाकर प्रदर्शन किया। यहां प्रशासन से बातचीत के बाद विधायक देवेंद्र बबली के साथ किसानों के प्रतिनिधिमंडल की वार्ता हुई। इस वार्ता के दौरान बबली ने खेद प्रकट किया।

एएसआई की शिकायत वापस न लेने पर फंसा पेच
विधायक देवेंद्र सिंह बबली के साथ वार्ता सिरे चढ़ने के बाद एएसआई द्वारा दी गई शिकायत पर पेच फंस गया। एडीसी डॉ. मुनीष नागपाल, एसडीएम गौरव अंतिल, डीएसपी बिरम सिंह के साथ थाने में ही कमेटी सदस्यों की वार्ता हुई लेकिन पौने दो घंटे बाद भी कोई समाधान नहीं निकल सका।

अधिकारी कहते रहे कि उस मामले में आरोपी जेल जा चुके हैं, ऐसे में उनको जमानत के जरिये ही रिहा करवाया जा सकता है। मगर किसान नेता केस वापस लेकर बिना जमानत ही रिहा करने पर अड़े रहे। आखिरकार रात पौने 9 बजे किसानों के साथ राकेश टिकैत, गुरनाम चढूनी व अन्य नेता सदर थाने में ही धरने पर बैठ गए। और यह धरना अभी तक जारी है। किसान नेता किसान वापस लेने पर अड़े हैं।

विधायक देवेंद्र बबली बैकफुट पर, किसानों से मांगी माफी
उधर, जननायक जनता पार्टी के विधायक देवेंद्र सिंह बबली एक जून से किसानों के साथ चले आ रहे टकराव के मामले में आखिरकार बैकफुट पर आ गए। विधायक ने किसान नेताओं के साथ बैठक के बाद वीडियो जारी कर अपने शब्दों को लेकर माफी मांगी। 
 
विधायक देवेंद्र बबली और किसानों के बीच पिछले पांच दिनों से चल रहा गतिरोध खत्म हो गया। विधायक ने कमेटी को अपने निजी सचिव और चालक की दी शिकायत वापस लेने का शपथ पत्र देने का भरोसा दिलाया है। विधायक के साथ बैठक करने वालों में गुरनाम सिंह चढूनी, जोगिंद्र नैन, रणजीत सिंह ढिल्लो, मछंदर कन्हड़ी, लाभ सिंह, जगतार सिंह, राजेंद्र समैण, सूबे सिंह समैण, बलबीर बल्ली, रमेश डांगरा, डम्पी पहलवान, तरसेम शामिल रहे। वहीं, विधायक के साथ उनके दोनों भाई विनोद और मनोज बबली भी मौजूद रहे। 

मेरे साथ जो हुआ, उसके लिए माफ करता हूं, मुझ से जो शब्द निकले, उनके लिए माफी मांगता हूं
33 सेकेंड के वीडियो में विधायक ने कहा है कि, ‘1 जून को वह टोहाना में आए थे, उस दिन जो भी घटना हुई है, मैं उस घटना के जो भी जिम्मेदार हैं, उनको अपनी तरफ से माफ करता हूं। मुझ से उस दौरान ऐसे शब्द निकले, जोकि शोभनीय नहीं थे क्योंकि मैं एक जनप्रतिनिधि हूं। मैं उन शब्दों को वापस लेता हूं और खेद प्रकट करता हूं।’

Related posts