
कंडवाल (कांगड़ा)
हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से सूबे में प्रवेश करने वाले सैलानियों के लिए 15 अप्रैल को जारी एडवाइजरी का असर दिखना शुरू हो गया है। पर्यटकों की आमद 80 प्रतिशत कम हो गई है। एडवाइजरी के अनुसार महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, कर्नाटक, गुजरात, राजस्थान और पंजाब से आने वाले पर्यटकों के प्रदेश में प्रवेश से 72 घंटे पहले आरटीपीसीआर टेस्ट की निगेटिव रिपोर्ट साथ लाने को कहा गया है। वहीं, सरकार के आदेशों की अवहेलना करने वाले पर्यटकों के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई का प्रावधान भी रखा गया है।
16 और 17 अप्रैल को कंडवाल बैरियर पर किए गए सर्वे के दौरान पाया गया कि प्रदेश में प्रवेश करने वाले पर्यटकों की आमद में 80 प्रतिशत गिरावट आई है। केवल रोजमर्रा के काम के लिए ही लोग प्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं। लोग इलाज, आर्मी अस्पताल ढांगूपीर पठानकोट और सीमावर्ती शहरों और कस्बों में रोजगार के लिए ही आ रहे हैं। अब प्रदेश सरकार पुन: कंडवाल में चेक पोस्ट बनाती है या नहीं, यह अभी तय नहीं है। चेक पोस्ट से प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना मामलों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। उधर, एसडीएम नूरपुर डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों की निगरानी के लिए आशा वर्करों और पंचायत सचिवों को कहा गया है। वहीं, बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों पर ध्यान देने के लिए होटल मालिकों को कहा गया है।
