बीआरओ के ऑपरेशन स्नो-लेपर्ड को कर दिया गया स्थगित

बीआरओ के ऑपरेशन स्नो-लेपर्ड को कर दिया गया स्थगित

सोनमर्ग
श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को भारत-चीन गतिरोध के बढ़ने के बाद पूरी सर्दियों के दौरान खुले रखने का निर्णय लेने के बाद बार्डर रोड ऑर्गनाईजेशन (बीआरओ) के ऑपरेशन स्नो-लेपर्ड को स्थगित कर दिया गया। बीआरओ के अनुसार बर्फ हटाने के दौरान और गाड़ियों के जोजिला पार करने के दौरान जान माल के खतरे को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया। उनके अनुसार इस बार जल्दी हाईवे खोलने का प्रयास किया जाएगा।

बार्डर रोड ऑर्गनाईजेशन (बीआरओ) के एक अधिकारी ने बताया कि इस बार निर्देश मिले थे कि भारत-चीन के बीच बढ़े गतिरोध के चलते श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को खुला रखा जाएगा। लेकिन पिछले एक महीने के दौरान 30 से ज्यादा भीषण हिमस्खलन की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए अब इस मार्ग को 31 दिसम्बर से पूरी तरह बंद रखने का फैसला लिया गया है। 

उन्होंने बताया कि अक्सर इस रास्ते को मई के पहले सप्ताह खोला जाता है। लेकिन इस बार कोशिश की जाएगी कि मार्च में इसे खोल दिया जाए। अधिकारी ने बताया कि फरवरी के महीने में एक बार फिर से इसके क्लियरेंस का कार्य शुरू किया जाएगा। 
अमर उजाला ने 9 दिसम्बर को ऑपरेशन स्नो-लेपर्ड को लेकर खबर की थी। इसमें हिमस्खलन की घटनाओं, रेसक्यू किए गए लोगों और गाड़ियों के बारे में भी चर्चा की गई थी और इस खबर को लेकर कश्मीर के डिवकॉम पीके पोल ने कहा था कि इस पर जरूर गौर किया जाएगा। आखिरकार प्रशासन पर इस खबर का असर हुआ और उन्होंने यह फैसला लिया।

Related posts