
चंडीगढ़
पंजाब आने वालों को अब 14 दिन होम क्वारंटीन नहीं रहना होगा। तीन जुलाई को जारी अपने आदेश पंजाब सरकार ने वापस ले लिए हैं। हालांकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से सूबे में पहुंचने वाले यात्रियों को समय-समय पर जारी एसओपी से निर्देश दिए जाते रहेंगे।
पंजाब सरकार ने तीन जुलाई को दूसरे राज्यों में आने वाले लोगों के लिए नियम सख्त कर दिए थे। दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों के लिए पंजाब सरकार ने नई गाइडलाइन जारी की थी। गाइडलाइन के अनुसार, दूसरे राज्य से पंजाब में आने वाले लोगों को 14 दिन होम क्वारंटीन में रहना अनिवार्य था। साथ ही उन्हें राज्य प्रवेश के लिए सबसे पहले ई-रजिस्ट्रेशन भी करना होता था। यह आदेश अब पंजाब सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा 30 सितंबर को जारी अनलॉक-5.0 संबंधी दिशा-निर्देशों के मद्देनजर वापस ले लिया है।
कोरोना से पंजाब में 38 की मौत
पंजाब में कोरोना से मौतों में अब गिरावट आनी शुरू हो गई है। पिछले दो दिनों से संक्रमण से होने वाली मौतों का आंकड़ा 50 से नीचे आ गया है। मंगलवार को राज्य में संक्रमण से 38 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही सूबे में वायरस से मरने वालों की संख्या 3679 पहुंच गई है। 888 नए मामले भी सामने आए हैं। राज्य में अब तक 120016 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक पंजाब में संदिग्ध मामलों की संख्या 1996719 पहुंच गई है। जिनमें पॉजिटिव मरीजों की संख्या 120016 दर्ज की गई है। 104355 लोग ठीक हो चुके हैं। मंगलवार को कुल 274 संक्रमित मरीजों को ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। जबकि 38 लोगों की हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर पर रखा गया है।
संक्रमण से मौतों के मामले में लुधियाना नंबर वन बना हुआ है। यहां अब तक सबसे ज्यादा 782 लोग संक्रमण से मौत का शिकार हो चुके हैं। जालंधर में 417 और पटियाला में 346 लोग संक्रमण से दम तोड़ चुके हैं। शुक्रवार को हुई 38 लोगों की मौत में होशियारपुर में 5 और जालंधर में 5 लोग मौत का शिकार हो गए। इसके अतिरिक्त लुधियाना में 5, अमृतसर में 3, पठानकोट में 3, रोपड़ में 3 बरनाला में 2, बठिंडा में 2, गुरदासपुर में 2, मानसा में 2, मोगा में 2, पटियाला में 2, तरनतारन में 2 और फिरोजपुर में 1 लोगों की संक्रमण से मौत हो गई। कुल 888 नए मामलों में 31 ऐसे केस हैं, जिनका स्रोत पंजाब के बाहर का बताया जा रहा है।
