मंच से सिद्धू ने राहुल गांधी और हरीश रावत के सामने कैप्टन को सुनाई खरी-खरी

मंच से सिद्धू ने राहुल गांधी और हरीश रावत के सामने कैप्टन को सुनाई  खरी-खरी

मोगा/लुधियाना
मोगा रैली में पूर्व मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने राहुल गांधी और हरीश रावत के सामने मंच से कैप्टन अमरिंदर सिंह को खरी-खरी सुनाई। कहा कि अगर केंद्र सरकार किसानों को एमएसपी नहीं देता है तो पंजाब सरकार को देना चाहिए। हालांकि कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने भाषण में सिद्धू की इस बात का कोई उत्तर नहीं दिया और न ही इसका कोई जिक्र किया।

अपने भाषण में नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि अगर केंद्र सरकार कृषि कानून रद्द नहीं करती है तो पंजाब सरकार को गेहूं व धान की फसल पर एमएसपी देनी चाहिए। हिमाचल अपने सेब पर एमएसपी दे सकता है तो पंजाब भी अपनी फसलों पर दे सकता है। पंजाब सरकार जिम्मेदारी ले और हल दे। सरकार दिखाने के लिए नहीं होती हैं। सरकार हल देने के लिए होती हैं।
सिद्धू ने आगे कहा कि सबसे पहले एमएसपी, सरकारी खरीद और खाद्य सुरक्षा कांग्रेस ने दी थी तो पंजाब सरकार भी एमएसपी और भंडारण की क्षमता दे और अपने पैर पर खड़ी हो। बस में अगर जाओ तो उसमें भी लिखा होता है कि सवारी अपने सामान की सुरक्षा स्वयं करें। जागरूक तरीके से अपनी लड़ाई लड़िए।
दाल और तिलहन क्यों पैदा नहीं कर सकता पंजाब
सिद्धू ने कहा कि पंजाब दाल और तिलहन को आयात करता है। यहां का किसान उसे क्यों नहीं पैदा कर सकता। उन्होंने कहा कि पंजाब व देश को हरित क्रांति चाहिए थी। पंजाब देश का अन्नदाता बना। लेकिन आज पंजाब के किसानों पर मार पड़ रही है। केंद्र सरकार पंजाब के किसानों को मारने पर तुली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कृषि कानून संसद में बिना किसी बहस के पारित किए हैं।

रंधावा से बोले, पाहजी आज मत रोको
भाषण के दौरान जब पंजाब के कैबिनेट मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने सिद्धू के सामने कागज का टुकड़ा रखा तो नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि पाहजी आज मत रोको। आपको इशारा ही बहुत है। इसके बाद सिद्धू ने कहा कि पहले ही बैठा रखा था।

न नजरें मिलीं, न दिल
किसी समय कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना डैडी कहकर पांव को हाथ लगाने वाले नवजोत सिंह सिद्धू का रविवार को कैप्टन से कई बार आमना-सामना हुआ। दोनों ने न तो नजरें मिलाईं और न ही दिल। दोनों में दुआ सलाम भी नहीं हुई। सिद्धू ने तो अपने भाषण में पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का नाम लिया, लेकिन कैप्टन ने अपने भाषण में सिद्धू का जिक्र तक नहीं किया।

रावत ने सिद्धू को पूरी तरजीह दी
सिद्धू पंजाब प्रभारी हरीश रावत को साथ लेकर बधनी कला में पंडाल में पहुंचे तो श्रोताओं ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की। हरीश रावत ने सिद्धू को सोमवार को पूरी तरजीह दी। उन्होंने न केवल सिद्धू को अग्रिम पंक्ति में बिठाया, बल्कि कई बार अपनी कुर्सी भी खाली कर दी। इतना ही नहीं, चक्कर गांव में सिद्धू को पहली पंक्ति में बैठाकर रावत खुद सिद्धू की पिछली कतार में बैठे।  हरीश रावत ने पूरा वक्त सिद्धू को अपने साथ रखा और खुद उन्हें अपने साथ ट्रैक्टर पर बैठाकर रैली में शरीक हुए।  वहीं, सांसद रवनीत सिंह बिट्टू, जेल मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने भी सिद्धू की शान में कसीदे पढ़े और कहा कि जब सिद्धू बोलता है तो जोश बढ़ जाता है।

 

Related posts