
शिमला

सीआईडी की एसआईटी ने प्रदेश के कई बागवानों से करोड़ों की ठगी करने के आरोपी दो दर्जन से ज्यादा आढ़तियों और लदानियों को नोटिस जारी किए हैं। इन आढ़तियों और लदानियों को अगले हफ्ते सीआईडी मुख्यालय पेश होने के लिए कहा गया है। कोरोना की वजह से एसआईटी की जांच धीमी हो गई थी। अब अनलॉक-2 में कई तरह की छूट मिलने के बाद सीआईडी ने फिर से बागवानों का सेब लेकर गायब होने और पैसा न चुकाने वालों पर अपनी पकड़ मजबूत करना शुरू कर दिया है। एसपी क्राइम वीरेंद्र कालिया ने नोटिस दिए जाने की पुष्टि की है।
दरअसल, हाईकोर्ट के निर्देश के बाद एसपी कालिया की अध्यक्षता में एक एसआईटी गठित हुई थी जिसे प्रदेश भर में बागवानों के साथ हुई धोखाधड़ी के सभी मामलों की जांच का जिम्मा सौंपा गया। इसमें कई दर्जन मामलों के अलावा करीब डेढ़ सौ से ज्यादा शिकायतें शामिल थीं। जांच शुरू हुई तो पहले एसआईटी ने आढ़तियों और लदानियों को चेतावनी देकर पैसा लौटाने के लिए कहा लेकिन जब वह नहीं माने तो एक-एक कर हिमाचल से लेकर महाराष्ट्र, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के करीब दो दर्जन से ज्यादा आढ़तियों व लदानियों को जेल भेज दिया। यही नहीं, इस दौरान करीब आठ करोड़ रुपये कई लदानियों और आढ़तियों से बागवानों को भी दिलवाए हैं। सूत्रों के अनुसार ब्रेक के बाद दोबारा शुरू हुई जांच में अब तक 25 आढ़तियों व लदानियों को नोटिस जारी किए हैं। माना जा रहा है कि इन्हें भी पैसा लौटाने का समय दिया जाएगा और तय मियाद तक अगर पैसा न लौटाया तो उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
