राशन कार्ड पर अखिलेश की फोटो से बवाल

  • राशन कार्ड पर अखिलेश की फोटो से बवाल
लखनऊ: राशन कार्ड पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की तस्वीरें छपने से उप्र की सियासत में नया बवाल पैदा हो गया है। विपक्ष ने इसे सरकारी खर्च पर चुनाव प्रचार बताकर मुख्यमंत्री पर हमला बोल दिया है। इन नए राशन कार्डों के कवर पर अखिलेश की बड़ी तस्वीर छपी है।

काम किया है तो प्रचार भी करूंगा
इस पर मुख्यमंत्री अखिलेश ने कहा कि लोगों को इस बात की शिकायत हो सकती है कि एम्बुलैंस पर समाजवादी शब्द कैसे आ गया। बैग व राशन कार्ड पर मेरी फोटो कैसे आ गई, जब हमने काम किया है तो प्रचार भी करूंगा।

3 नवम्बर से विकास रथ यात्रा पर निकलेंगे अखिलेश
उप्र के मुख्यमंत्री अब सपा के किसी भी नेता का इंतजार नहीं करेंगे और अखिलेश यादव 3 नवम्बर से अपने विकास कार्यों का रथ लेकर चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगे। वह अपना प्रचार अभियान विकास रथ यात्रा के माध्यम से करेंगे।

सत्ता में दोबारा वापसी के लिए मांगेंगे वोट 
मुख्यमंत्री ने इस सिलसिले में युवाओं की टीम व संगठन को तैयारियों में जुटने को कहा है। मुख्यमंत्री अपनी सरकार की उपलब्धियों को विकास रथ के माध्यम से जनता तक पहुंचाएंगे और सत्ता में दोबारा वापसी के लिए वोट मांगेंगे। वैसे तो यह रथ यात्रा अक्तूबर के शुरूआत में ही शुरू होने थी, लेकिन यादव परिवार व समाजवादी पार्टी में मची घमासान के बाद असमंजस की स्थिति बन गई थी, अब अखिलेश किसी का भी इंतजार करने के मूड में नहीं हैं।

अखिलेश नहीं करेंगे किसी का इंतजार
बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही मुख्यमंत्री ने एक इंटरव्यू में कहा था कि कोई आए या न आए अब वह किसी का इंतजार नहीं करेंगे। इस इंटरव्यू के बाद अब उन्होंने विकास रथ यात्रा निकालने की तिथि की भी घोषणा कर दी है। गौरतलब है कि 5 नवम्बर को समाजवादी पार्टी अपने स्थापना की रजत जयंती मनाने जा रही है। इस दौरान यादव परिवार भी मौजूद रहेगा। कयास हैं कि इस मौके पर अखिलेश यादव को सी.एम. कैंडीडेट बनाने की भी घोषणा की जा सकती है।

Related posts