यूपी में PM मोदी करेंगे 2 महीने में 8 रैलियां, इस नेता की रहेगी अहम भूमिका

  • यूपी में PM मोदी करेंगे 2 महीने में 8 रैलियां, इस नेता की रहेगी अहम भूमिका
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के प्रचार को गति देने के लिए अगले 2 महीने में 8 चुनावी रैलियां करेंगे और पार्टी अपनी परिवर्तन यात्रा 5 नवंबर को सहारनपुर से आरंभ करेगी। पार्टी सूत्रों ने यहां बताया कि नरेंद्र मोदी को सहारनपुर से शरू होने वाली परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने का निमंत्रण भेजा गया है। उनकी 6 नवंबर को बुन्देलखंड के ललितपुर, 8 नवंबर को सोनभद्र और 9 नवंबर को बलिया से यात्राएं शुरू होगीं। राज्य के हर कोने से निकलने वाली परिवर्तन यात्राएं लखनऊ में 24 नवंबर को मिलेंगी और इस मौके पर होने वाली परिवर्तन सभा को प्रधानमंत्री संबोधित करेंगे।

ये दिग्गज नेता रहेंगे मौजूद
बताया जा रहा है कि इन यात्राओं में पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केन्द्रीय सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री कलराज मिश्र शामिल होंगे जबकि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य प्रत्येक स्थान पर मौजूद रहेंगे। परिवर्तन यात्राओं में स्थानीय सांसद, विधायक एवं नेताओं की शिरकत अनिवार्य होगी।  नवंबर- दिसंबर के दौरान प्रधानमंत्री की कम से कम 8 रैलियां आयोजित करने का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। ये रैलियां उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में होंगी।

पार्टियों में असमंजस की स्थिति
जानकारी के अनुसार राज्य में इस समय भाजपा की चुनावी तैयारियों से पार्टी केे पक्ष में माहौल बन रहा है। अन्य पार्टियों में असमंजस की स्थिति है। विपक्षी दलों के विधायक और अन्य नेता भाजपा में आने के लिये आतुर हैं। पार्टी में बाहर से आने वाले नेताओं को भी विधानसभा चुनावों में अहम जिम्मेदारी देने के बारे में सूत्रों का कहना था कि उन्हें भी ऐसी जिम्मेवारी दी जा सकती है। इस बात की संभावना नगण्य है कि विधानसभा चुनावों में पार्टी मुख्यमंत्री के पद के उम्मीदवार का नाम घोषित करे।

केशव प्रसाद मौर्य की भूमिका सबसे अहम
उत्तर प्रदेश में पार्टी के चुनाव अभियान में प्रदेश अध्यक्ष मौर्य की भूमिका सबसे अहम रहेगी। इस बीच आज देर शाम को वित्त मंत्री अरुण जेटली के निवास पर उत्तर प्रदेश में पार्टी प्रचार अभियान को लेकर एक बैठक हुई जिसमें पार्टी अध्यक्ष अमित शाह भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार उत्तर प्रदेश सहित 5 राज्यों में चुनावी प्रचार अभियान के काम के लिए विभिन्न एजेंसियों को ठेके देने की प्रक्रिया से शुरू होने जा रही है। उम्मीद है कि दीपावली के पहले ही पार्टी के प्रचार की धार जमीन पर दिखायी देने लगेगी।

Related posts