
सहारनपुर: सहारनपुर में गुरुवार को कर्फ्यू में ढील के दौरान अफवाहों की वजह से शहर में भगदड़ से अफरा-तफरी मच गई। सूत्रों के अनुसार दंगे वाली जगह पर ही झगड़े की सूचना से पूरा बाजार बंद हो गया और वहां पर अघोषित कर्फ्यू जैसे हालात हो गए। जल्द ही सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाल लिया।
प्रशासन ने काफी अपील की लेकिन इसके बावजूद बाजार में रौनक नहीं लौटी। नगरायुक्त के प्रयास से शांति मार्च निकालकर अमन की पहल की गई। दूसरी ओर पुलिस ने दंगाइयों पर 87 रिपोर्ट दर्ज की हैं। 56 आरोपियों को गिरफ्तार और 48 पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस पूछताछ में दंगों के मास्टरमाइंड मोहर्रम अली उर्फ पप्पू ने भी सनसनीखेज खुलासे किए हैं। पुलिस पूछताछ के दौरान मोहर्रम अली उर्फ पप्पू ने विवादित जमीन के लिए ब्लैकमेलिंग की बात स्वीकार की है। उसने मांग पूरी नहीं होने पर सोची-समझी साजिश के तहत मस्जिद के शहीद होने की बात पर लोगों को जमा कर दंगा करवाया।
डीएम संध्या तिवारी ने बताया कि बाइक सवारों की चेकिंग के दौरान अफवाह फैली थी। कुछ शरारती बाइक सवारों ने ऐसा किया था, मगर माहौल शांतिपूर्ण रहा। शहर को दंगे की आग में झोंकने वाला कांग्रेसी नेता एवं पूर्व सभासद मोहर्रम अली उर्फ पप्पू वेस्ट यूपी का सबसे बड़ा दंगाई बन चुका है।
पुलिस उसके खिलाफ अब तक 87 रिपोर्ट दर्ज कर चुकी है। दंगे में शामिल किसी भी आरोपी पर अब तक इतने मामले दर्ज नहीं हुए हैं। गिरफ्तार किए गए उसके बेटे और भतीजे को भी पुलिस दंगे से जुड़े शहर के हर थाने में दर्ज होने वाले मामलों में आरोपी बना रही है।
