परेशानी का सबब रूसा

चुवाड़ी (चंबा)। स्थानीय कॉलेज में एसएफआई ने आम सभा का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता एसएफआई के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश सरेबाल ने की। इस मौके पर एसएफआई ने छात्रों को संगठन की विचारधारा के बारे में अवगत करवाया। इसके अलावा रूसा प्रणाली के बारे में छात्रों को जानकारी प्रदान की। इकाई सचिव विवेक शर्मा ने बताया कि जब से प्रदेश के कॉलेजों में रूसा प्रणाली को लागू किया गया है, तब से छात्रों को समस्याआें का सामना करना पड़ रहा है। एसएफआई के कैंपस अध्यक्ष अनिल ने बताया कि कॉलेजों में पहली जुलाई से कक्षाएं शुरू हुई हैं, लेकिन अधिकतर कॉलेजों में शिक्षक व गैर शिक्षकों के कई पद खाली चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रूसा प्रणाली के तहत प्रदेश में 1500 अध्यापकों की जरूरत है। प्रदेश सरकार तथा विश्वविद्यालय प्रशासन अध्यापकों की पर्याप्त नियुक्ति करने में असफल रहा है। रूसा प्रणाली के तहत छात्रों की समस्याएं दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही हैं। समय पर परीक्षा परिणाम घोषित करने में भी एचपीयू असफल रहा है। इस दौरान एससीए अध्यक्ष अनूप, विवेक, अश्वनी, अंकित, नदीम, अनिल व सुरजीत मौजूद रहे।

Related posts