
चंबा। जिला चंबा में रिक्त पड़े पटवारियों के पद जल्द भरे जाएंगे। इन पदों पर राजस्व विभाग के सेवानिवृत्त पटवारियों को दोबारा नियुक्ति दी जाएगी। इसी तरह कानूनगों के पद भी भरने के निर्देश दिए गए हैं। पुनर्नियुक्ति के तहत पटवारी को दस हजार और कानूनगो को 12 हजार रुपये मानदेय मिलेगा। राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने जिला के राजस्व अधिकारियों की बैठक में ये निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि तहसीलदार व नायब तहसीलदार अपने-अपने क्षेत्र के राजस्व विभाग के सेवानिवृत्त कर्मियों को इस संबंध में सूचित करें और जल्द से जल्द खाली पदों पर नियुक्ति दें। मौजूदा समय में जिले के लिए पटवारी के कुल 200 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 134 पद भरे हुए हैं, जबकि 46 पद खाली चल रहे हैं। इसमें सबसे ज्यादा पद सलूणी तहसील में खाली पड़े हुए हैं। डीआरडीए में आयोजित राजस्व विभाग की बैठक के दौरान स्वास्थ्य एवं राजस्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने इन पदों को सेवानिवृत्त कर्मियों से भरने के निर्देश दिए हैं। राजस्व मंत्री ने कहा कि जिले में इंतकाल में देरी की शिकायतें मिली हैं, जिन्हें दूर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि चंबा जिले में सेटेलाइट के माध्यम से सेटलमेंट करवाने पर भी विचार किया जा रहा है। इस संबंध में जल्द उचित निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले के भूमिहीनों को भूमि मुहैया करवाने के लिए फॉरेस्ट लैंड एक्वायर की जाएगी। इसके लिए मंजूरी ली जाएगी। उन्होंने बताया कि तहसीलदार को जल्द सरकारी गाड़ी मिलेगी। इसके लिए सरकार ने योजना तैयार कर ली है। इससे राजस्व अधिकारियों को काफी सुविधा मिलेगी।
तीन दिन पटवारखाने में बैठना जरूरी
चंबा। पटवारियों को एक हफ्ते में तीन दिन अपने-अपने पटवारखाने में रहना पड़ेगा। इसके लिए सरकार ने तीन कार्य दिवस सोमवार, बुधवार और शुक्रवार निर्धारित किए हैं। ऐसा न करने पर संबंधित पटवारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। राजस्व मंत्री ने कहा कि काफी समय से लोगों की शिकायतें मिल रही हैं कि अधिक्तर पटवारी नहीं मिलते। उन्होंने बताया कि जमीन संबंधी ज्यादातर काम ग्रामीण क्षेत्र में रहने वाले गरीब लोगों के होते हैं, लेकिन देखने में आया है कि राजस्व विभाग अधिकारी उनके कामों का समय पर निपटारा नहीं करते। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने तहसीलदार व कानूनगो को भी अपने अधीनस्थ कर्र्मचारियों पर नजर रखने को कहा है।
